Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

जलालपुर पुलिस ने वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार

जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस टीम ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक जलालपुर के निर्देशन में की गई।...
Homeअपना जौनपुरअलग-अलग सड़क हादसों में एक की मौत, तीन महिलाओं समेत पांच घायल

अलग-अलग सड़क हादसों में एक की मौत, तीन महिलाओं समेत पांच घायल

जौनपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते 24 घंटों के भीतर तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहली घटना सिकरारा थाना क्षेत्र में जौनपुर-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के भाऊपुर सोनहिता गांव निवासी 45 वर्षीय अर्जुन वनवासी उर्फ पप्पू रिश्तेदारी में आए थे। रविवार की रात थाना क्षेत्र के पास सड़क किनारे पैदल जाते समय तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी दुर्घटना गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में हुई। बिथार गांव निवासी अमरनाथ गौड़ सोमवार सुबह मोपेड से नवीन सब्जी मंडी चौकिया सब्जी खरीदने आए थे। वापस लौटते समय मंडी के मुख्य द्वार के पास एक ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनका दाहिना पैर बुरी तरह कुचल गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। तीसरी घटना रायबरेली-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के कोढ़ा गांव के समीप रविवार रात हुई। ताजुद्दीनपुर निवासी लल्लू पटेल अपने परिवार के साथ ई-रिक्शा से रिश्तेदारी से लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। हादसे में लल्लू पटेल, उनकी पत्नी अनीता देवी, सावित्री देवी, प्रदीप और लालती घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सावित्री, प्रदीप, लालती और अनीता को गंभीर चोटों के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लगातार हो रहे सड़क हादसों से आमजन में चिंता व्याप्त है। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें, ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

Share Now...