Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

अराजकतत्वों ने लगाई आग, तीन गुमटियां राख

खुटहन। प्रयागराज-शाहगंज राजमार्ग पर तिलवारी गांव में सोमवार की आधी रात अज्ञात अराजकतत्वों ने तीन गुमटियों में आग लग दिया। बचाव के लिए ग्रामीणों...
Homeअपना जौनपुरअराजकतत्वों ने लगाई आग, तीन गुमटियां राख

अराजकतत्वों ने लगाई आग, तीन गुमटियां राख

खुटहन। प्रयागराज-शाहगंज राजमार्ग पर तिलवारी गांव में सोमवार की आधी रात अज्ञात अराजकतत्वों ने तीन गुमटियों में आग लग दिया। बचाव के लिए ग्रामीणों के पहुंचने तक गुमटी और उसके ऊपर रखा छप्पर व लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ितों ने संयुक्त रूप से अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।

तिलवारी गांव के ही राजनाथ निषाद वर्षों से गुमटी में किराने की दुकान खोले हुए हैं। इसी के बगल देवीप्रसाद शर्मा का सैलून है। तीसरी गुमटी में रामअचल निषाद सब्जी की दुकान चलाते हैं। गुमटियों के ऊपर रखा छप्पर एक दूसरे से जुड़ा हुआ था। ग्रामीणों का कहना था कि रात में गुमटियों से उठ रही आग की लौ को देख अनुमान लगाया जा रहा था कि होलिका दहन किया जा रहा है। बाद में लोगों का शोर सुनकर मौके पर पहुंचने तक आग तीनों दुकानों को आगोश में ले चुकी थी। अगलगी में दो लाख से अधिक की क्षति का अनुमान है।

पूर्णिमा और चंद्र ग्रहण को लेकर मंदिरों में विशेष व्यवस्था

जौनपुर। फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर चंद्र ग्रहण को लेकर जिले भर में धार्मिक माहौल बना रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं में ग्रहण और सूतक काल को लेकर चर्चा रही। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार ग्रहण का सूतक निर्धारित समय से पहले शुरू हो गया, जिसके चलते कई मंदिरों में नियमित पूजा-अर्चना अस्थायी रूप से रोक दी गई।

शहर के प्रमुख मंदिरों में दोपहर बाद कपाट बंद कर दिए गए और ग्रहण समाप्ति के बाद गंगाजल छिड़काव व विशेष शुद्धिकरण अनुष्ठान की तैयारी की गई। श्रद्धालुओं को ग्रहण काल में घर पर ही मंत्र जाप और भजन करने की सलाह दी गई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण के दौरान भोजन बनाने और खाने से परहेज रखने की अपील भी की गई। कई परिवारों ने ग्रहण समाप्ति के बाद स्नान-दान की परंपरा निभाने की तैयारी की। उधर, प्रशासन ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में एहतियातन निगरानी बढ़ाई, हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। ग्रहण समाप्ति के बाद देर शाम मंदिरों में आरती और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

35 हजार नकदी गहनों के साथ चोरी के दो आरोपित गिरफ्तार

खुटहन। उसरौली गांव के मोड़ के पास सोमवार की रात पुलिस ने संदिग्धों की चेकिंग के दौरान दो युवकों को धर दबोचा। तलाशी में उसके पास से 35 हजार नकदी व लाखों की कीमत के गहने बरामद किए गए। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि नकदी औय गहने चोरी के हैं। वे गहने बेचने के फिराक में थे।

थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि उक्त मोड़ पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवक आते दिखे। अचानक सामने पुलिस टीम को देख वे पीछे मुड़कर भागने लगे। सक होने पर जवानों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। उनके पास से 35 हजार नकदी और सोने के हार, नथिया, लरी,चांदी की करधन, बिछिया तीन जोड़ी बरामद किया गया। एक ने अपना नाम पता रावतपुरा गांव निवासी सुजीत रजक तथा दूसरा सराख्वाजा क्षेत्र के मेढामेरे खतीरपुर भैंसा निवासी शेषमन रजक बताया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उनका रामनगर गांव निवासी रोहित विश्वकर्मा के घर आना जाना था। गत 28 फरवरी को उनके घर कोई नहीं था। मौका पाकर हम दोनों ने रात में घर में घुसकर भीतर अटैची में रखे नकदी और गहने चुरा लिए थे। घटना के दूसरे दिन पीड़ित ने थाने में दोनों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर प्रमाण के रूप में बगल घर में लगे सीसीटीवी फुटेज का वीडियो पुलिस को सौंपा था।

एनएमएमएस परीक्षा में यूपीएस तरियारी के दो छात्रों ने रचा इतिहास

केराकत। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा 2026 में यूपीएस तरियारी के दो मेधावी छात्रों ने सफलता अर्जित कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है।

यह परीक्षा देशभर में प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु आयोजित की जाती है। एनएमएमएस जैसी मानक एवं प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा में सफलता प्राप्त करना विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। सफल विद्यार्थियों को आगामी चार वर्षों तक प्रतिवर्ष रूपये12,000 की छात्रवृत्ति प्राप्त होगी। इस प्रकार प्रत्येक विद्यार्थी कुल 48,000 रूपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। जिससे उनकी आगे की शिक्षा में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार यादव ने दोनों विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं नियमित मार्गदर्शन के कारण यह सफलता संभव हो सकी है। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीण क्षेत्र के इस विद्यालय के लिए यह उपलब्धि अत्यंत गर्व का विषय है। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की है कि आने वाले वर्षों में भी छात्र इसी प्रकार सफलता अर्जित कर क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे।

दो दलित आपस में भिड़े, आधा दर्जन से अधिक घायल

जौनपुर। कोतवाली थाने के सरायपोख्ता पुलिस चौकी क्षेत्र के मोहल्ला पालीटेक्निक चौराहे पर दलित वर्ग के दो पक्षों हुए खूनी संघर्ष में महिलाओं समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना सोमवार लगभग 7 शाम की है। मामूली विवाद को लेकर एक पक्ष के लोगों ने दर्जन भर की संख्या में जुट कर लाठी डंडे से मारकर एक पक्ष के मीरा देवी पत्नी दीपक कुमार शिवा पुत्र दीपक को पीटकर घायल कर दिया।

इसी घटना में सोहनी देवी 65 वर्ष पत्नी स्वर्गीय केसर और उसका पुत्र गोविंद छोटा पुत्र बेबो रिश्तेदारी में आयी जय श्री देवी पत्नी अमरदीप समेत कई लोग घायल हो गए। इस घटना के समय आसपास भगदड़ मच गयी। कुछ देर के लिए दुकाने बंद हो गई। काफी देर तक अफरातफरी मची रही। कुछ ही देर में स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल भेज कर उपचार और चिकित्सकीय परीक्षण कराया। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है।

कोचिंग से लौट रहे छात्र पर हमला, गंभीर हालत में रेफर

जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के कुशहा मोड़ के पास सोमवार शाम को कोचिंग से घर लौट रहे एक छात्र पर मनबढ़ युवकों ने हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार रजनीपुर गांव निवासी उज्ज्वल पांडेय (पुत्र अखिलेश पांडेय) कस्बे में स्थित एक कोचिंग संस्थान से पढ़ाई कर शाम करीब साढ़े छह बजे घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कुशहा मोड़ के पास पहुंचे, तीन बाइक पर सवार करीब सात-आठ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और पंच से सिर पर वार कर दिया, जिससे छात्र लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर भागने लगे। हालांकि, स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को बाइक समेत पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुन्तजर ने बताया कि तीन नामजद व कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बदलापुर क्षेत्र के 105 सड़कों के निर्माण को मिली स्वीकृति

जौनपुर। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को शासन की ओर से होली का तोहफा मिला है। क्षेत्र में 105सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति विधायक रमेश चंद्र मिश्र के प्रयासों से मिली है।

विधायक ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में 13 नए मार्गों का निर्माण तथा 92 महत्वपूर्ण मार्गों का विशेष मरम्मत और सामान्य कार्य शामिल हैं। कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू भी हो चुका है। विशेष मरम्मत के तहत यूनियन बैंक महराजगंज से डेल्हूपुर होते हुए सरायबिभार ब्राह्मण बस्ती तक संपर्क मार्ग का कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा बटाऊबीर-मई-नौपेड़वा संपर्क मार्ग के किमी 4 से दाहिने बदलापुर खुर्द संपर्क मार्ग का विशेष मरम्मत कार्य भी स्वीकृत हुआ है। रामपुर संपर्क मार्ग का निर्माण भी कराया जाएगा। साथ ही डोमपुर अनुसूचित बस्ती सरोज संपर्क मार्ग पर नवीनीकरण तथा गुन्दालपुर से दाहिने बिन्द बस्ती संपर्क मार्ग के नवीनीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है। विधायक ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण और मरम्मत से क्षेत्रीय जनता को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीण इलाकों का विकास तेजी से होगा।

निर्माणाधीन मकान से सवा लाख की चोरी

जौनपुर। लाइनबाजार क्षेत्र के चंद्रिका सिंह कालोनी, कन्हईपुर में चोरों ने एक निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाते हुए करीब सवा लाख रुपये का सामान पार कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र के दमोदरा गांव निवासी अभिषेक कुमार सिंह (पुत्र कमलेश कुमार सिंह) तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में कार्यरत हैं। वह कन्हईपुर स्थित चंद्रिका सिंह कालोनी में अपने मकान का निर्माण कार्य करवा रहे हैं। रविवार रात करीब साढ़े दस बजे वह निर्माणाधीन मकान से नगर कोतवाली क्षेत्र के तारापुर कालोनी स्थित अपने आवास चले गए। रात में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर छत की फॉल्स सीलिंग में लगाए गए बिजली के तार और अन्य इलेक्ट्रिक सामान चोरी कर लिया। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये है। इसके अलावा चोरों ने हजारों रुपये की फॉल्स सीलिंग भी क्षतिग्रस्त कर दी। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है। उल्लेखनीय है कि 21 मार्च की रात भी इसी कालोनी में एक पत्रकार के बंद मकान का ताला तोड़कर नगदी सहित ढाई लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में टीडी कॉलेज चौकी प्रभारी अरविंद यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने कहा कि पीड़ित को बुलाकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के जलालगंज रेलवे स्टेशन यार्ड में सोमवार देर रात डाउन लाइन पर वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी जौनपुर ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान छोटेलाल यादव (निवासी महुवारी, थाना केराकत) के रूप में हुई है। वह पराऊगंज बाजार में मिठाई की दुकान चलाते थे। परिजनों के अनुसार वह सोमवार शाम घर से चवरी बाजार दवा लेने के लिए निकले थे, लेकिन रात आठ बजे तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद परिजन जलालगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां वह मृत अवस्था में पाए गए। परिजनों ने बताया कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

डॉक्टर को गोली मारने के मामले में बाल अपचारी गिरफ्तार

जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के लखौवा बाजार में डॉक्टर को गोली मारने की घटना में शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुकदमा संख्या 56/26 धारा 109(1), 351(3), 308(5), 3(5) बीएनएस थाना बक्शा में वांछित बाल अपचारी आयुष मिश्रा उर्फ बाबू (उम्र करीब 17 वर्ष) निवासी हैदरपुर, थाना तेजीबाजार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी को 3 मार्च 2026 को दोपहर 12:50 बजे भोलानाथ मंदिर धनियामऊ हाईवे तिराहे के पास से पकड़ा गया। आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक प्रशांत पांडेय, हेड कांस्टेबल शिवप्रकाश यादव तथा कांस्टेबल अमरजीत कन्नौजिया शामिल रहे। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

Share Now...