जौनपुर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया है कि 02 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया में प्रचारित जौनपुर में बीजेपी के एक बूथ अध्यक्ष पर समाजवादी पार्टी के 21समर्थक विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय के वोटर का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से अवैध तरीके से डिलीट कराने के लिए बीएलओ को फार्म-7 देने और दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है।
इस सम्बन्ध में उन्होने अवगत कराया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दौरान कोई भी व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, आक्षेप व संशोधन हेतु प्रारूप 6, 7 एवं 8 विहित अभिलेखों के साथ संलग्न कर बीएलओ को फार्म जमा करा सकता है। बीएलए अगर कोई फार्म-7 दाखिल करता है तो उसे अनुलग्नक-58 पर मृतक व्यक्तियों की सूची हस्ताक्षरित करके देगा और किसी व्यक्ति को शिफ्टिंग के मामले में सूचना देता है तो उसे अनुलग्नक-59 पर सूची बनाकर देगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद जौनपुर में सभी बीएलओ द्वारा निर्धारित विहित प्रक्रिया के अनुसार ही मतदाता सूची का अद्यतनीकरण किया जा रहा है। अत: सूचना भ्रामक, बेबुनियाद एवं सत्य के विपरीत होने के कारण खण्डित की जाती है।
कोडीन कफ सिरप प्रकरण में पुलिस ने की गिरफ्तारी
जौनपुर। कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में जौनपुर पुलिस ने शशांक मौर्या को गिरफ्तार किया है। आरोपी की फर्म का नाम न्यू मिलन सुपर फार्मा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में जौनपुर कोतवाली में पहले से ही दो मुकदमे दर्ज हैं। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है। जौनपुर पुलिस अब जब्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू करने की तैयारी में है। इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि मामले में कुल22 लोगों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की संपत्तियों की भी गहन जांच की जा रही है। सीओ सिटी ने बताया कि पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है और जो भी लोग इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।
मलाया यूनिवर्सिटी के निर्विरोध अध्यक्ष बने दीपक
जौनपुर। धर्मापुर ब्लाक के कोतवालपुर गांव के प्रधान राजेश यादव का बड़ा पुत्र दीपक यादव मलेशिया स्थित यूनिवर्सिटी आफ मलाया में निर्विरोध छात्रसंघ का अध्यक्ष चुना गया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद मंगलवार को गांव लौटने पर दीपक का ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों के साथ माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान उत्साह का माहौल रहा। वह मलाया यूनिवर्सिटी में विद्युत वितरण विषय पर पीएचडी कर रहा है। शिक्षा और छात्र हितों में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दहेज में चार पहिया वाहन न मिलने पर शादी टूटी
जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री की शादी तय होने के बाद दहेज में चार पहिया वाहन की अतिरिक्त मांग किए जाने तथा पूर्व में दिए गए रुपये वापस न करने के आरोप में ससुराली पक्ष के दो लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने मामले में दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक गांव निवासी एक व्यक्ति द्वारा थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री की शादी प्रयागराज जनपद के सरायममरेज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी रमेश कुमार पटेल के पुत्र रामकुमार पटेल के साथ तय हुई थी। तहरीर के अनुसार सगाई समारोह 3 दिसंबर 2025 को सम्पन्न हुआ था, जिसमें लड़की पक्ष की ओर से लगभग तीन लाख रुपये नकद, 51 हजार रुपये वरक्षा के रूप में तथा अन्य उपहार दिए गए थे। शादी की तिथि 27 अप्रैल 2026 निर्धारित थी। पीड़ित पिता का आरोप है कि शादी से पूर्व लड़के पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज के रूप में चार पहिया वाहन की मांग की जाने लगी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वाहन देने में असमर्थता जताने पर लड़के पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद पंचायत भी हुई, जिसमें खर्च की गई रकम लौटाने की सहमति बनी, लेकिन बाद में आरोपी पक्ष मुकर गया और रकम लौटाने से भी इंकार कर दिया। पीड़ित ने बताया कि शादी की तैयारियों में करीब साढ़े तीन लाख रुपये खर्च हो चुके हैं, जिन्हें वापस न करने से परिवार आर्थिक और मानसिक परेशानी से गुजर रहा है। तहरीर के आधार पर मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने रमेश कुमार पटेल व रामकुमार पटेल के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जमीन विवाद को लेकर पड़ोसियों ने युवक को लाठी डंडे से पीटा
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के करमदास पुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसियों ने एक युवक को खेत मे लाठी डंडे से पीटकर घायल कर दिया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के करमदास पुर गांव के वृष देव दूबे और मृत्युंजय दूबे के बीच काफी दिनों से जमीनी विवाद चल रहा है। आरोप है कि रविवार की देर शाम कृष्ण देव दूबे खेत के तरफ गया हुआ था उसी समय मृत्युंजय दूबे, शिवा दूबे तीन अन्य लोगो के साथ आ गए गाली गलौज देते हुए लाठी डंडे से पीटकर वृष देव दूबे (32) को गंभीर रूप से घायल कर दिए। युवक को मारने पीटने के बाद सभी फरार हो गए। परिजन घायल अवस्था में वृष देव को इलाज के लिए सीएचसी चोरसंड गौराबादशाहपुर लेकर गए। वृष देव के सिर में और शरीर मे काफी ज्यादा चोट आई है। थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर प्रवीण यादव ने बताया कि घायल युवक के पत्नी अनामिका दूबे के तहरीर पर शिवा दूबे, मृत्युंजय दूबे, अच्युतानंद, वंदना, इंदु सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
प्रधान का प्रशासनिक अधिकार बहाल
जौनपुर। धर्मापुर ब्लाक के किर्तापुर ग्राम पंचायत के प्रधान विनोद कुमार यादव का वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार जिलाधिकारी ने बहाल कर दिया है। एक मामले में प्रधान के जिला कारागार में निरूद्ध होने के बाद ग्राम पंचायत सदस्य स्वर्णिमा को प्रधान पद पर नामित किया गया था। अब प्रधान को उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद उनकी बहाली हो गई है। इस संबंध में धर्मापुर ब्लाक के प्रभारी एडीओ पंचायत राजेश यादव ने बताया कि किर्तापुर प्रधान का वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार बहाल हो गया है।


