जौनपुर धारा, जौनपुर। महाकुंभ में भगदड़ और प्रशासन के रोक के कारण मौनी अमावस्या पर जौनपुर की नदियों के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट गये। बुधवार सुबह छः बजे से ही लोग घाटों पर पहुंचने लगे थे। उन्होंने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। हनुमान घाट क्षेत्र के पौराणिक तीर्थ स्थल मढ़िया घाट के गोमती नदी के तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। भक्तों ने गोमती नदी में स्नान करने के बाद पौराणिक मंदिर में पूजा-अर्चना की। प्रदेश के मुख्यमंत्री व प्रशासन के अपील के बाद से ही लोगों ने स्थानीय क्षेत्र में आस्था की डुबकी लगाई। मौनी अमावस्या पर आदि गंगा गोमती के घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान आदि करके पुरोहितों को दान किया। स्नान के पर्व को लेकर गोमती नदी के हनुमान घाट, सूरज घाट पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। जबकि मौनी अमावस्या को लेकर एक दिन पहले से घाटों की साफ सफाई करा दी गई थी। मौनी अमावस्या और सोमवती अमावस्या को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। मौनी अमावस्या पर्व के चलते सुबह ही मंदिरों के पट खोल दिए गए थे। देर शाम तक लोग मंदिरों में दर्शन पूजन करते रहे। मौनी अमावस्या के दिन नदियों व सरोवरों में देवताओं का निवास होता है। इसी कारण मौनी अमावस्या के दिन नदियों में स्नान और दान को खास महत्व दिया जाता है।
― Advertisement ―
स्थानीय घाटों पर लोगों ने लगाई आस्था की डुबकी



