झांसी. उत्तर प्रदेश की झांसी पुलिस ने 50 साल के लक्ष्मण की हत्या का खुलासा कर दिया है. दरअसल 2 जनवरी को प्रेम नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर आहाट के मैदान में लक्ष्मण का शव पुलिस को खून से लथपथ मिला था. शव के पास पुलिस को आटे की बोरी और साइकिल भी बरामद हुई थी. इसके बाद पुलिस ने पहले तो लक्ष्मण के बेटे की तहरीर पर आकाश नाम के 22 साल के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन आकाश हत्या के मामले में वांछित नहीं पाया गया. इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो मामले में चौकाने वाला खुलासा हुआ. दरअसल हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए जैसे जैसे पुलिस की जांच की सुई आगे बढ़ी, वैसे ही मामला पेचीदा होता चला गया. बुजुर्ग लक्ष्मण की हत्या के तार उसकी बेटी से भी जुड़ने लगे. इसी दौरान पुलिस को शुभम झा नाम के एक लड़के का सुराग पुलिस को मिला, जो मृतक लक्ष्मण की बेटी से प्यार करता था. ऐसे में सबसे पहले पुलिस ने मृतक लक्ष्मण की हत्या के आरोप में बेटी के प्रेमी शुभम को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, बेटी से पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्यारोपी शुभम अक्सर लक्ष्मण की बेटी से मुलाकात करता था. जबकि लक्ष्मण को यह सब पसंद नहीं था. इतना ही नहीं कुछ साल पहले हत्यारोपी शुभम ने मृतक लक्ष्मण के पास उसकी बेटी से शादी करने की बात कही थी. जिसको उसने सिरे से खारिज करते हुए बेटी से नहीं मिलने की चेतावनी शुभम को दी थी. इसके अलावा शुभम जब कभी भी लक्ष्मण को दिख जाता था, तो वह शुभम के साथ गाली गलौज करने लगता था.
फिर ऐसे की हत्या
लक्ष्मण से परेशान होकर शुभम ने उसकी हत्या का प्लान तैयार किया. इस बीच 2 जनवरी की रात नगरा हार्ड के पास जब लक्ष्मण साइकिल से अपनी बहन के घर आटा लेकर वापस आ रहा था, तभी हत्यारोपी शुभम ने लक्ष्मण के सिर में डंडे से कई प्रहार कर दिए. इससे लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई.
सलाखों के पीछे पहुंचा लक्ष्मण का कातिल
वहीं, इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी ने बताया कि जिस दिन मृतक लक्ष्मण की हत्या हुई थी. उसी दिन लक्ष्मण का बेटा दिल्ली से घर आ रहा था. बेटे के घर आने की खुशी में मृतक लक्ष्मण अपनी बहन के घर आटा लेने यह कह कर गया था कि बेटे को खाना बना कर खिलाना है. ऐसे में जब वह आ रहा था तो रास्ते में ही हत्यारोपी शुभम ने लक्ष्मण के सिर पर डंडा मारकर उसकी हत्या कर दी. फिलहाल लक्ष्मण की हत्या के आरोप में अब शुभम को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है.



