जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बारात से लौटते समय कठीराव में बरात से लौटते समय बाइक सवार तीन लोग अचानक अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रक में जा भीड़ जिससे मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर है। मृतकों में अरुण पटेल उम्र लगभग 35 साल और कौशल पटेल उम्र 40 साल है जबकि गंभीर रूप से घायल विनोद पटेल पुत्र स्वर्गीय अमरनाथ का इलाज भदोही के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसे से मृतकों के घर पर कोहराम मचा हुआ। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से आठ लाख का सोने का हार छीना
जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत नगर के चूड़ी मोहल्ला से वैवाहिक कार्यक्रम में जा रही महिला के गले से सोने का हार छीनकर बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित महिला ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल के समीप लगें सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
नगर के पुरानी बाजार मोहल्ला निवासी रजनीश सेठ की पत्नी अनीता सोनी मंगलवार की रात मोहल्ले की आधा दर्जन महिलाओं के साथ पैदल हनुमान गढ़ी स्थित एक मैरेज हॉल में शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। जैसे ही चूड़ी मोहल्ला में पहुंची थी उसी दौरान सामने से बाइक पर सवार दो की संख्या में बदमाशों ने अनीता सोनी के गले से सोने का हार छीनकर फरार हो गए। शोरगुल सुनकर मोहल्ले वाले दौड़े लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पीड़ित महिला ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने पीड़ित के साथ थाने पहुंच कर कोतवाली निरीक्षक किरन कुमार सिंह को तहरीर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर लगें सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
सोहनी गांव के युवक का ऑस्ट्रेलिया में चयन
जौनपुर। जिले के सोहनी गांव निवासी डॉ.विकास कुमार सिंह का ऑस्ट्रेलिया के पर्थ स्थित मर्डोक विश्वविद्यालय में पोस्ट डॉक्टरेट/लेक्चरर पद के लिए चयन हुआ है। एक साधारण कृषक परिवार से आने वाले डॉ. सिंह ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है।
डॉ.विकास की प्रारंभिक शिक्षा शासकीय प्राथमिक विद्यालय, सोहनी से हुई। उन्होंने गणेश राय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्रा कॉलेज डोभी से कृषि में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से एम.एससी.कृषि में गोल्ड मेडल हासिल किया। उन्होंने वर्ष 2025 में डॉक्टरेट की उपाधि अर्जित की। अपने शोध कार्य के दौरान उन्हें डी.एस.टी. फेलोशिप भी प्रदान की गई थी। यह उनकी अकादमिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पूर्व लखनऊ एयरपोर्ट पर उनके माता-पिता अखिलेश सिंह और रीता सिंह सहित परिवार के सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर रोहित सिंह, रोमा सिंह, किशन सिंह, संपदा सिंह, डॉ.दिनेश सिंह, डॉ.दीपमाला सिंह, डॉ.रमेश सिंह, प्रियंका सिंह, उमेश सिंह, कामिनी सिंह, मिथिलेश सिंह और शिवप्रकाश सिंह मौजूद रहें।
राष्ट्रीय लोक अदालत 14 मार्च को
जौनपुर। सिविल जज सी.डि./सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार सिंह ने अवगत कराया है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उ.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार राष्ट्र के लिए मध्यस्थता 2.0अभियान, बृहद/मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर 22फरवरी एवं राष्ट्रीय लोक अदालत 14मार्च के आयोजन की तैयारियां हेतु जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर सुशील कुमार शशि की अध्यक्षता में 10फरवरी को समस्त न्यायिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गयी।
22 फरवरी को पुलिस लाईन्स में बृहद/मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन होगा, जिसमें सरकार के द्वारा महिलाओं, बच्चों, निर्बल वर्ग, अनुसूचित जाति और जनजाति, दिव्यांगजन, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक आदि के कल्याण के लिए प्रशासनिक व कार्य योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों का चिह्नांकन, पंजीकरण एवं लाभ वितरण तथा प्रचार-प्रसार हेतु जानकारी प्रदान कराया जाना है। मीडियेशन एवं कंसीलियेशन प्रोजेक्ट कमेटी, सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली द्वारा राष्ट्र के लिए मध्यस्थता 2.0 अभियान के तहत पारिवारिक विवाद, चेक बाउंस, बैकिंग मामलें, दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और अन्य सुलह योग्य मामलों को मध्यस्थता केन्द्र में सन्दर्भित करने हेतु निर्देशित किया गया। 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह समझौते के माध्यम से अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के बावत जिला जज ने न्यायिक अधिकारियों द्वारा किये गये प्रयासों एवं तैयारियों का जायजा लिया।
प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन
जौनपुर। प्राचार्य मुदित सक्सेना, पीएमश्री स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, मडियॉहू ने अवगत कराया है कि प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम के आयोजन के अन्तर्गत जनपद जौनपुर के कक्षा 8वीं से 11वीं तक के संचालित सभी विद्यालयों के 01 छात्र एवं 01 छात्रा को 14 फरवरी को पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय मडियॉहू जौनपुर में प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम हेतु प्रात: 9बजे प्रतिभाग करना है। जनपद स्तर पर चयनित विद्यार्थी वडनगर (गुजरात) आगामी प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम हेतु प्रतिभाग करेंगे।
आज12 से 4 बजे तक गुल रहेगी इन क्षेत्रों की बत्ती
जौनपुर। विद्युत वितरण खण्ड नगर के 33/11के.वी.विद्युत उपकेन्द्र, टी.डी.कालेज पर गुरूवार को दोपहर 12बजे से 4 बजे तक अनुरक्षण का कार्य कराया जाने को लेकर उपकेन्द्र से पोषित क्षेत्र, डाक बंगला, लाइन बाजार, मैहर देवी, वाजिदपुर उमरपुर हरिबन्धनपुर आदि क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियन्ता ने बताया कि नगर क्षेत्र में आने वाले गर्मी और बरसात के सीजन में क्षेत्र वासियों को किसी प्रका की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिये पहले से तैयारी की जा रही है।
टाई नाले के निर्माण की धीमी रफ्तार, राहगीर झेल रहे परेशानी
केराकत। स्थानीय क्षेत्र अंतर्गत औरी गांव के पास जौनपुर-गाज़ीपुर ख़ुज्झी मार्ग पर स्थित टाई नाले की पुलिया टूटने के बाद से चल रहा निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा लगभग दो वर्षों से मरम्मत व पुनर्निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन कार्य की धीमी प्रगति के चलते राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद नीचे से आवागमन को लेकर यातायात व्यवस्था शुरू की गईं है। अस्थायी व्यवस्था के तहत वाहनों को संकरे रास्ते से निकाला जा रहा है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। खासकर सुबह और शाम के समय स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और व्यापारियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। कीचड़ और जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन का खतरा बना रहता है, वहीं पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों का कहना है कि जौनपुर-गाज़ीपुर मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन लगभग हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य में हो रही देरी से आम जनता के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों ने एनएचएआई और संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य को तेज गति से पूर्ण कराया जाए तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। फिलहाल क्षेत्रीय जनता को उम्मीद है कि संबंधित विभाग उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही पुलिया निर्माण कार्य पूर्ण कराएगा, जिससे आवागमन सुचारु रूप से बहाल हो सके।
स्वाधीन सिंह हत्याकांड में पुलिस पर गंभीर आरोप
जौनपुर। बदलापुर के बहुचर्चित स्वाधीन सिंह हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर बुधवार को सड़कों पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। जनता की अदालत के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करने निकले पीड़ित परिवारों को जब प्रशासन ने रोकने की कोशिश की, तो मामला और भी गर्मा गया। विद्यावती रिसॉर्ट से लेकर तहसील मुख्यालय तक घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भारतीय हिंदू मित्र परिषद के अध्यक्ष और सोशल एक्टिविस्ट अरविंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में बुधवार को विद्यावती रिसॉर्ट में जनता की अदालतश् का भव्य आयोजन होना था। इसकी तैयारी पिछले कई दिनों से चल रही थी। पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम शुरू होने से ऐन पहले रिसॉर्ट के लॉन में ताला जड़ दिया और आयोजन पर रोक लगा दी। पुलिस का तर्क था कि इस आयोजन के लिए प्रशासन से अग्रिम वैधानिक अनुमति नहीं ली गई थी। भारी पुलिस बल की तैनाती के कारण रिसॉर्ट परिसर किसी छावनी जैसा नजर आने लगा। कार्यक्रम रुकने से आक्रोशित पीड़ित पक्ष ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। परिजनों ने सीधे तौर पर बदलापुर कोतवाल शेषनाथ शुक्ला, एसओजी प्रभारी त्रिवेणी सिंह और सीओ बदलापुर पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस के इन अधिकारियों ने विपक्षी पक्ष से मोटी रकम लेकर मामले की जांच को प्रभावित किया है और निर्दोष बच्चों को गलत तरीके से केस में फंसाया है। प्रशासन न्याय देने के बजाय हमारी आवाज दबाने में जुटा है।
दो तस्कर गिरफ्तार, एक कुन्तल 40किलो गांजा बरामद
जौनपुर। जिले के थाना खुटहन पुलिस ने अन्तर्जनपदीय गाँजा तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक क्विंटल 40 किलोग्राम अवैध गांजा अपाची मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
आयुष श्रीवास्तव अपर पुलिस नगर ने बताया कि खुटहन पुलिस द्वारा सराय मोहिद्दीनपुर रोड पर चेकिंग की जा रही थी कि खुटहन की तरफ से विशुनपुर की तरफ आ रहे मोटर साइकिल सवार दो व्यक्तियों को रोका गया तो दोनों भागने लगे, जिनको पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही पकड़ लिया गया। दोनों व्यक्तियों से नाम पता पूछा गया तो अपना नाम पिन्टू निषाद पुत्र केशव निषाद निवासी रामनगर थाना खुटहन जनपद व प्रमोद नाविक पुत्र कालूराम निवासी रामनगर थाना खुटहन बताएं। दोनों की तलाशी ली गई तो मौके से प्लास्टिक की बोरी में 08पैकेट गांजा, 03मोबाइल, अपाचे मोटरसाइकिल व 3500 नकदी बरामद हुई। पिंटू निषाद से कड़ाई से पूंछताछ की गई तो बताया गया कि अपने घर के बाहर करकट में भूंसे के अन्दर 04बड़े बोरे में और गांजा रखा हूं। मौके पर पुलिस बल पहुंच कर पिंटू निषाद के घर से गांजे की 04 बोरी व 01 खुले हुए बोरे से 07 पैकेट गांजा बरामद किया गया। बताया कि बरामद गांजा जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय कीमत लगभग पैंतीस लाख रूपये है।


