जौनपुर। धर्मापुर ब्लाक गेट पर सोमवार को ब्लाक के सचिवों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करते हुए आनलाइन अटेंडेंस का जबरदस्त विरोध किया। संगठन के जिला मंत्री रामकृष्ण पाल ने बताया कि हम सभी नानटेक्निकल 12वीं पास योग्यता के कर्मचारी हैं। सरकार हमसे बिना संसाधन दिये रोबोट की भातिं कार्य लेना चाहती है।
दो सौ रुपये साइकिल भत्ता देकर महीने भर ग्राम पंचायत से ब्लाक तक और ब्लाक से जिला मुख्यालय तक मीटिंग के लिए बुलाया जाता है। जिसके लिए कोई यात्रा भत्ता नहीं दिया जाता है। बिना मोबाइल और डाटा दिये सभी कार्य हमारे व्यक्तिगत मोबाइल से लिए जाते हैं। अक्सर जूम मीटिंग असमय की जाती है। अन्य विभाग के कार्य हमसे दबाव देकर कराया जाता है। अनुशासनात्मक कार्यवाही भी कर दी जाती है। हमारे ही कार्यों को शासन अपनी उपलब्धि बता कर प्रचारित करता है। हमारे ही पर अविश्वास भी करता है। इस दोहरे रवैया का हम सभी विरोध करते हैं। इस दौरान अरविंद कुमार यादव, अरविंद चौहान, मनीष चंद, श्रुति गुप्ता, राजेश यादव, स्वतंत्र चौरसिया, स्वतंत्र मौर्या, अखिलेश, विपिन राय समेत समस्त सचिव मौजूद रहे।



