- ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
जौनपुर। धर्मापुर क्षेत्र के केशवपुर गांव स्थित प्राचीन हनुमान जी मंदिर के पास संचालित एक मैरिज हॉल स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। आरोप है कि शादी समारोह समाप्त होने के बाद मैरिज हॉल संचालक द्वारा बचा हुआ खाना और सब्जियां मंदिर के बगल में ही फेंक दी जाती हैं, जिससे पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है और लोगों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर में प्रतिदिन सुबह-शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं, लेकिन सड़े हुए भोजन की बदबू के कारण उन्हें काफी परेशानी होती है। आसपास रहने वाले लोगों का भी वहां रहना मुश्किल हो गया है। दुर्गंध के कारण वातावरण प्रदूषित हो रहा है और बीमारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मामले की शिकायत कई बार मैरिज हॉल संचालक से की गई, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना आवश्यक मानकों के ही मैरिज हॉल का संचालन किया जा रहा है। यहां न तो पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था है और न ही कचरा निस्तारण की उचित व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवती ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुरैला गांव में गुरुवार को एक 20 वर्षीय युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना से गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान समुंद्री राजभर (20) पुत्री शंभू राजभर निवासी सुरैला गांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गुरुवार को घर के अंदर ही युवती ने फांसी लगा ली। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवती के इस आत्मघाती कदम उठाने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाशों ने जन सेवा केंद्र संचालक को मारी गोली
जौनपुर। बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। बुधवार को जफराबाद थाना क्षेत्र के गोसाईपुर बाजार में दिनदहाड़े बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक सहज जन सेवा केंद्र संचालक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, गोसाईपुर निवासी प्रेमचंद यादव (40 वर्ष) पुत्र तेजू यादव अपने केंद्र से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। घर पहुंचने से कुछ ही दूरी पहले घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। गोली लगने से प्रेमचंद लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, प्रेमचंद की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और उच्च प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त होगी जारी
जौनपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद के लाखों किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आगामी 13 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के गुवाहाटी से योजना की 22वीं किस्त डिजिटल माध्यम से जारी करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर को जनपद में ‘पीएम किसान उत्सव दिवसÓ के रूप में भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। उप कृषि निदेशक डॉ. वी. बी. द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग दोपहर 03:00 बजे से जनपद मुख्यालय, समस्त विकास खंडों, कृषि विज्ञान केंद्रों और ग्राम पंचायतों में आयोजित की जाएगी। इस दौरान स्थानीय सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और ग्राम प्रधानों सहित प्रगतिशील किसान उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन के सहयोग से सहकारी समितियों, मंडी समितियों और पीएम कृषि समृद्धि केंद्रों पर भी किसानों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। डॉ.द्विवेदी ने बताया कि जनपद जौनपुर से अब तक 6,72,370 पात्र किसानों का डाटा मुख्यालय भेजा जा चुका है, जिन्हें इस किस्त का सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ किसानों को खेती की नई तकनीकों और विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी देंगे। साथ ही, उपस्थित लाभार्थियों के अनुभव (वीडियो बाइट्स) भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किए जाएंगे। कृषि विभाग ने जनपद के समस्त किसान भाइयों और बहनों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी आयोजन स्थल पर पहुंचकर न केवल लाइव प्रसारण देखें, बल्कि आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी लेकर इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं।
मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद लौटी आंखों की रोशनी
जौनपुर। लायन्स क्लब ‘मेन’ के प्रयास से मोतियाबिंद से ग्रसित मरीजों के जीवन में नया सवेरा आया है। क्लब द्वारा चिन्हित मरीजों का आर जे शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक तकनीक से सफल ऑपरेशन व लेंस प्रत्यारोपण किया गया। गुरुवार को कुत्तुपुर स्थित लक्ष्मी हेल्थ केयर सेंटर पर अध्यक्ष सीए राजेश राज गुप्ता के नेतृत्व में स्वस्थ होकर लौटे मरीजों का स्वागत किया गया। मरीजों ने इस निशुल्क सेवा के लिए आभार जताते हुए इसे ‘नया जीवन’ बताया। इस दौरान पिछले माह के मरीजों की भी जांच की गई। डॉ. संदीप मौर्य ने बताया कि अगला निशुल्क शिविर 14 अप्रैल को प्रात: 10 से 2 बजे तक आयोजित होगा।
जगदीशपुर ओवरब्रिज निर्माण के चलते दो दिन गुल रहेगी बिजली
जौनपुर। जनपद के मुस्तफाबाद और कुद्दूपुर विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े हजारों उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। जगदीशपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बन रहे ओवरब्रिज निर्माण के मद्देनजर, 33 केवी विद्युत लाइनों के स्थानांतरण का कार्य 13 और 14 मार्च को किया जाएगा।
अधिशासी अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यदायी संस्था द्वारा लाइन शिफ्टिंग के दौरान इन दोनों दिनों में प्रात: 8बजे से सायंकाल 5बजे तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। इस कटौती से मुस्तफाबाद और कुद्दूपुर उपकेंद्रों से पोषित होने वाले शहरी और ग्रामीण क्षेत्र प्रभावित होंगे। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कटने से पहले पानी और अन्य जरूरी कार्य निपटा लें तथा इस विकास कार्य में विभाग का सहयोग करें।
हत्यारोपी को उम्रकैद : ‘ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस की प्रभावी पैरवी से मिली सफलता
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शनÓ अभियान को जौनपुर में एक और बड़ी कामयाबी मिली है। अपर सत्र न्यायाधीश(प्रथम) की अदालत ने हत्या और आर्म्स एक्ट के एक सनसनीखेज मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
मामला थाना सिंगरामऊ से जुड़ा है, जहाँ वर्ष 2021 में दर्ज मुअसं 16/21 और 18/21के तहत अभियुक्त धर्मेंद्र मौर्य (निवासी पूतासी) पर हत्या (धारा 302 भादवि) और अवैध शस्त्र रखने (3/25 आर्म्स एक्ट) का आरोप था। जौनपुर पुलिस द्वारा की गई गुणवत्तापूर्ण विवेचना और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के चलते अदालत ने आरोपी को दोषी पाया। न्यायालय ने धर्मेंद्र मौर्य को आजीवन कारावास के साथ 15,000 रुपये के अर्थदण्ड से भी दण्डित किया है। अर्थदण्ड न जमा करने की स्थिति में दोषी को छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता को अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।
सरायख्वाजा पुलिस ने तीन अपहृताओं को सकुशल किया बरामद
जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायख्वाजा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन गुमशुदा/अपहृत युवतियों को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण में सरायख्वाजा थाना पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अभियान चलाया। इसी क्रम में गुमशुदगी और अपहरण से जुड़े मामलों की गंभीरता से जांच करते हुए पुलिस ने तीनों अपहृताओं की तलाश तेज की। लगातार की गई खोजबीन और सूचना तंत्र की मदद से पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों अपहृताओं को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के साथ उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, महिला कांस्टेबल सरोजा और महिला कांस्टेबल फूलमती की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
15मार्च से शुरू होंगी जनपद स्तरीय जूनियर खेल प्रतियोगिताएं
जौनपुर। जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में जनपद स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 15मार्च से किया जाएगा। प्रतियोगिताएं इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम सिद्दीकपुर तथा तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के उमानाथ सिंह स्टेडियम में संपन्न होंगी।
क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह ने बताया कि 15मार्च को जूनियर बालिका कबड्डी, जूनियर बालिका वॉलीबाल तथा जूनियर बालक एवं बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 16मार्च को जूनियर बालक कबड्डी, वॉलीबाल, फुटबॉल और जूनियर बालक व बालिका कुश्ती प्रतियोगिता कराई जाएगी। वहीं 18मार्च को जूनियर बालक एवं बालिका वेटलिफ्टिंग, तलवारबाजी, हैंडबॉल तथा जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसके अतिरिक्त 17मार्च को टीडी कॉलेज के उमानाथ सिंह स्टेडियम में जूनियर बालक एवं बालिका बास्केटबाल, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग तथा बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। टीम खेलों में भाग लेने वाली टीमें प्रतियोगिता से एक दिन पहले शाम 5बजे तक जिला खेल कार्यालय में अपनी प्रविष्टि जमा करेंगी। खिलाड़ियों को आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड और हाईस्कूल का मूल प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
12 से 28 मार्च तक होगा राशन व चीनी का वितरण
जौनपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत जनपद के अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशनकार्डधारकों को माह मार्च 2026 के सापेक्ष खाद्यान्न तथा अन्त्योदय कार्डधारकों को त्रैमास जनवरी, फरवरी व मार्च 2026 के लिए चीनी का वितरण 12मार्च से 28मार्च के बीच किया जाएगा। यह जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी ने दी।
उन्होंने बताया कि जनपद की सभी उचित दर दुकानों पर ‘वन नेशन वन राशन कार्डÓ योजना के तहत खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अन्त्योदय कार्डधारकों को 35 किलोग्राम खाद्यान्न (10 किलो गेहूं व 25 किलो चावल) दिया जाएगा, जबकि पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलोग्राम खाद्यान्न (1 किलो गेहूं व 4 किलो फोर्टिफाइड चावल) नि:शुल्क वितरित किया जाएगा। विकासखंड करंजाकला के कुछ दुकानों पर प्रति यूनिट 1 किलो बाजरा भी दिया जाएगा। वहीं अन्त्योदय कार्डधारकों को तीन माह के लिए 3 किलो चीनी 18 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराई जाएगी। राशन वितरण नई ई-पॉस मशीनों के माध्यम से किया जाएगा। वितरण की अंतिम तिथि 28मार्च निर्धारित की गई है। उस दिन आधार प्रमाणीकरण न हो पाने की स्थिति में मोबाइल ओटीपी के माध्यम से भी वितरण किया जाएगा।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय कर्मी छुट्टा साङ से टकराया इलाज के दौरान मौत
- सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के विश्वविद्यालय के पास हुई घटना
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के वीर बहादुरपुर पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास जौनपुर शाहगंज मार्ग पर आवारा सांड से टकराकर विश्वविद्यालय कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शोक में विश्वविद्यालय बन्द रहा।
जानकारी के अनुसार वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कर्मचारी 53वर्षीय संतोष कुमार पांडेय पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कैंपस में कॉलोनी में रहते थे। वह बुधवार की रात 8बजे बाइक से सब्जी खरीद कर अपने कमरे पर वापस जा रहे थे। जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर स्थित विश्वविद्यालय के निकट पावर हाउस बाजार के पास पहुंचे थे, इस दौरान अचानक छुट्टा पशु सामने आ गया, जिसके चपेट में आने से उसकी बाइक का संतुलन बिगङ गया और वह सीधे एक पेड़ से टकराते हुए खन्दक मे जा गिरे। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हुए आसपास के लोग दौड़े और तत्काल मामले की सूचना पुलिस के दिए और 108नंबर एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। जहां देर रात इलाज के दौरान डॉक्टर ने संतोष कुमार पांडेय को मृत्यु घोषित कर दिया। मृतक संतोष पांडेय वाराणसी जनपद के लखमीपुर छिरीया के निवासी थे। इस बारे में थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया मृतक के पुत्र अवनीश की तारीख पर शव को पोस्टमार्टम भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपित के खिलाफ छेड़छाड़ सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज
खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि बगल गांव निवासी युवक उसके घर में अश्लील सामग्री, फोटो आदि अक्सर फेंकता रहता था। एक दिन घर में अकेली देख वह घुसकर गलत नीयत से उसका हाथ पकड़ कर खींचने लगा। शोर मचाने पर वह भाग गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
गांव निवासी युवती स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा है। आरोप है कि महमदपुर गांव निवासी सचिन राव उसे गलत नीयत से देखता रहता है। गत पहली मार्च की रात सचिन उसके घर के बरामदे में अश्लील पत्र और फोटो फेंक गया। पत्र में उसे धमकी भी दी गई थी। जिससे परिवार के लोग डरे हुए थे। गत छह मार्च को परिवार के लोग खेतों में काम करने चले गए। आरोप है कि मौका पाकर सचिन उसके घर के भीतर घुस कर जबरन उसका हाथ पकड़ कमरे की तरफ खींचने लगा। शोर मचाने पर पड़ोस के लोगों को आता देख आरोपित भाग गया। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
शांति भंग की आशंका में 13 लोग गिरफ्तार, विभिन्न थानों की पुलिस ने की कार्रवाई
जौनपुर। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए कुल 13 व्यक्तियों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर उनका चालान न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार थाना सुजानगंज पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें राजेश तिवारी निवासी फरीदाबाद, अरविन्द कुमार तथा सुरेश कुमार निवासी ऊँचगांव शामिल हैं। थाना नेवढ़िया पुलिस ने भी तीन लोगों को शांति भंग के आरोप में पकड़ा। इनमें मोहम्मद मंजर आलम (मूल निवासी सहरसा, बिहार, वर्तमान पता बलभद्रपुर), फैसल खान तथा अमजद खान निवासी बलभद्रपुर शामिल हैं। इसी क्रम में थाना खेतासराय पुलिस ने रानीमऊ निवासी ज्ञानचन्द्र राजभर और लाला राजभर को गिरफ्तार किया। वहीं थाना खुटहन पुलिस ने मुन्ना निवासी खरताबपुर, अंकुश यादव निवासी गोबरहा तथा विजय कुमार निवासी बहरीपुर को शांति भंग की आशंका में हिरासत में लिया। इसके अलावा थाना मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने कमालपुर निवासी आजाद और रिजाय को गिरफ्तार कर उनका चालान न्यायालय भेज दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत
खुटहन। प्रयागराज वाया शाहगंज राजमार्ग पर दौलतपुर गांव में गुरुवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार अधेड़ महिला की मौत हो गई। बाइक चला रहे उसके रिस्तेदार को हल्की चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। मृतका के पुत्र ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दिया है। हैदरपुर गांव निवासी 55वर्षीय लालती देवी पत्नी रामजियावन गौतम अपनी बहन के पुत्र रवीन्द्र कुमार निवासी गोपालापुर की बाइक पर बैठकर शाहगंज उपचार हेतु जा रही थी। उक्त स्थान पर पीछे से आ रहे किसी चार चक्का वाहन ने टक्कर मार दिया। ललिता देवी सड़क की तरफ गिर गई। सिर में गंभीर चोटें आने से वे बेहोश हो गई। उन्हें उपचार हेतु जिला चिकित्सालय ले जाया जा रहा था कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे रवींद्र को हल्की चोटें आईं। मृतका के पुत्र दीपक गौतम ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दिया है।


