- गली मोहल्लों में व्याप्त गंदगी के कारण लोगों को सता रहा विमारियों का खौफ
जौनपुर धारा, जौनपुर। बदलते मौसम एवं नगर क्षेत्र में व्याप्त गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप इन दिनों अचानक से बढ़ गया है, जिससे नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि शाम होते ही लोगों को घरों के खिड़की दरवाजों को बंद करना पड रहा है, ताकि मच्छरों से बचाव हो सके। नगरवासी मच्छरों से बचने के लिए कई तरह के साधनों का उपयोग कर रहे हैं। मच्छरों के काटने से कई तरह के रोग फैलने का भी भय सताता है। लेकिन लोगों को इस प्रकोप से बचाने नगर पालिका ने अभी तक कायदे से फॉगिंग नहीं कराया है। हांलाकि कुछ क्षेत्र में फॉगिंग हुई है लेकिन अधिकांश क्षेत्र अभी भी उस सुविधा से वंचित है। एक तरफ गंदगी तो दूसरी तरफ बदलते मौसम के कारण मोहल्लों में मच्छरों की बाढ़ सी आ गई है, वहीं दूसरी तरफ मगन नगरीय प्रशासन लापरवाह बना हुआ है। कहने को तो नगर पालिका के पास मच्छर भगाने के लिए फॉगिंग मशीन है, मगर उसका उपयोग कभी-कभी ही किया जाता है। नगर के वार्डों में मच्छरों का प्रकोप इस कदर बढ़ गया है कि लोगों को काफी फजीहतों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं मच्छरों के काटने से लोगों में गंभीर बीमारियां भी पैदा हो रही हैं। मच्छरों के प्रकोप से बचने के लिए नगर पालिका से निराश लोगों को निजी व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ रहा है। लोग इसके लिए कई कंपनियों द्वारा उत्पादित अगरबत्ती, मच्छर क्वायल व फास्ट कार्ड तथा अन्य प्रकार के मच्छरों से बचाने वाले उत्पादों का सहारा ले रहे हैं। लेकिन यह उपाय भी मच्छरों से बचाव के लिए सक्षम साबित नहीं हो रहे हैं। वहीं कुछ क्षेत्रों में हुए फॉगिंग के क्रम में नगर पालिका ने लाइन बाजार में मच्छर मारने के लिए फॉगिंग कराया गया। जौनपुर नगर पालिका द्वारा फागिंग मशीन से गली मोहल्लों में नालियों के आसपास फागिंग कराया गया।



