- हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस
जौनपुर धारा, खुटहन। कांग्रेस पार्टी के 138वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के पिलकिछा कार्यालय पर पार्टी के बुजुर्ग नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्मानित करके कांग्रेसियों ने बुधवार को स्थापना दिवस हर्षोल्लासपूर्वक मनाया। सभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा ने कहा कि 138 वर्ष पूर्व आज ही के दिन कांग्रेस की स्थापना हुई थी। इसका उद्देश्य देश को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्ति दिलाने तथा सामाजिक समरसता, भाईचारा, देश का सार्वभौमिक विकास था। आजादी के बाद देश की बागडोर सम्भालते हुए कांग्रेस पार्टी की सरकार ने भारत को बुलंदियों पर पहुंचाया। स्वतंत्र भारत की लड़ाई से लेकर आधुनिक भारत का निर्माण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, विज्ञान, बुनियादी सुविधाओं से देश को परिपूर्ण किया। श्री मिश्र ने कहाकि अवसरवादी ताकतें सत्ता के लिए देश को तोड़ने, भाईचारे, सौहार्द, साम्प्रदायिक एकता को छिन्न भिन्न करने का षड्यंत्र लगातार कर रही हैं, ऐसे विकट हालात में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से सम्पूर्ण देशवासियों को भय, नफरत के खिलाफ लोगों में प्यार बांटने के कार्य का नेतृत्व कर रहे हैं। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिक्षाविद् अतुल उपाध्याय, विश्राम राम, पवन शर्मा, परवेज अहमद, विपिन शर्मा, देवेश उपाध्याय, राजेन्द्र प्रसाद शर्मा, हनुमान दास मौर्या सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रत्नेश यादव ने किया।



