- चोट के चलते पहले टेस्ट से बाहर हुआ ये बड़ा मैच विनर
भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद अब दो टेस्ट मैच खेले जाने वाले हैं। टेस्ट सीरीज का पहला मैच 14 दिसंबर से खेला जाएगा। इस मैच से पहले टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है। चोट के चलते टीम का एक बड़ा मैच विनर खिलाड़ी पहले टेस्ट से बाहर हो गया है। ये खिलाड़ी दोनों टीमों के बीच खेली गई वनडे सीरीज का भी हिस्सा रहा था। टेस्ट सीरीज का पहला मैच चट्टोग्राम में खेला जाएगा। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक इस मैच में टीम इंडिया कप्तान रोहित शर्मा खेलते दिखाई नहीं देंगे। वह चोट के चलते टेस्ट सीरीज के पहले मैच से बाहर हो गए हैं। रोहित शर्मा को वनडे सीरीज के दूसरे मैच के दौरान हाथ के अंगूठे में गंभीर चोट लगी थी। इस चोट के चलते वह आखिरी वनडे से भी बाहर हो गए थे। पहले टेस्ट मैच में रोहित शर्मा की गैरहाजिरी में केएल राहुल टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में भी केएल राहुल ने ही आखिरी वनडे में कप्तानी की थी। आपको बता दें कि केएल राहुल ने टीम इंडिया के लिए अभी तक एक ही टेस्ट मैच में कप्तानी की है और इस मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया के सीनियर तेज मोहम्मद शमी कंधे में चोट के चलते वनडे सीरीज के बाद अब टेस्ट सीरीज से भी बाहर हो गए हैं। उनकी जगह 31 साल के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को टीम में शामिल किया गया है। जयदेव उनादकट 12 साल बाद टीम इंडिया के लिए टेस्ट मैच खेलते दिखाई देंगे। उन्होंने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच साल 2010 में खेला था।



