- बाइक से पीछा कर रहे पशुपालक पर बरसाए ईंट पत्थर
जौनपुर धारा, खुटहन। स्थानीय क्षेत्र में पशुचोर किस कदर से बेखौफ होकर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं इसका प्रत्यक्ष प्रमाण सोमवार की रात देखने को मिला। पिकअप सवार चोरों का खौफ इस कदर छाया हुआ है कि आम आदमी को कौन कहे पुलिस भी सूचना के बाद भी उनके रास्ते से कावा काट जा रही है। पशु स्वामी उनकी सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। पिलकिछा मलिकपट्टी गांव निवासी लालचंद गुप्ता की पट्टी नरेंद्रपुर माग& पर पाही है जहां वे पशुपालन करते हैं। सोमवार की आधी रात को सात की संख्या में पहुंचे पिकअप सवार चोर सड़क के बगल बंधी उनकी साहीवाल गाय को खूंटे से छोड़ वाहन पर लादने लगे तभी लालचंद की नींद खुल गई। वे शोर मचाते हुए चोरों को पकड़ने दौड़ पड़े। तब तक वे गाय लाद कर खेतासराय की तरफ भागने लगे। लालचंद भी बाइक पर अपने पुत्र पवन और सुजीत को बिठाकर पीछा करते हुए 112 नंबर पुलिस को फोन कर दिया। आरोप है कि आगे तिघरा मोड़ पर पुलिस वाहन मौजूद होने का लोकेशन बताया गया। सूचना के बाद भी उन्हीं के सामने से पिकअप गुजर गयी लेकिन उसे रोकने तक का जोखिम नहीं उठाया गया। यह भी आरोप है कि उसका पीछा करने को कहा गया तो वे दूसरे गांव में बड़ी घटना की सूचना मिलने का हवाला देकर कावा काट गये। विवश पशुपालक अपने बेटों के साथ लाठी डंडा लिए वाहन का पीछा करता रहा। मरहट पुलिया के आगे अचानक चोर उनको निशाना कर ईंट पत्थर फेंकने लगे जिससे भयभीत होकर वह बाइक को पीछे मोड़ वापस घर लौट आया। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाने पर दे दिया है।


