― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरतहसील स्तरीय समेकित खेल-कूद प्रतियोगिता सम्पन्न

तहसील स्तरीय समेकित खेल-कूद प्रतियोगिता सम्पन्न

  • पूर्व माध्यमिक विद्यालय बांसबारी, केराकत में दिव्यांग बच्चों ने दिखाया हौसला

केराकत। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बांसबारी, के प्रांगण में सोमवार को तहसील स्तरीय समेकित खेल-कूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करना तथा उनमें खेलों के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास का संचार करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार झा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई, जिसमें केराकत तहसील के चारों विकास खंड—केराकत, डोभी, मुफ़्तीगंज और जलालपुर—के विद्यालयों से आए दिव्यांग विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों ने टॉफी दौड़, केला दौड़, जलेबी दौड़, 50 मीटर सामान्य दौड़, नृत्य एवं संगीत जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। कई बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार अपने नाम किए और अपने-अपने विकास खंड का गौरव बढ़ाया। बच्चों के जोश और क्षमता ने यह संदेश दिया कि  ‘हम भी किसी से कम नहीं। ‘ कार्यक्रम को सफल बनाने में चारों विकास खंडों के स्पेशल एजुकेटर्स—कमल लहरी, सुशील कुमार दीक्षित, कमलेश यादव, रमेश सिंह यादव, मोहम्मद साहिब, मनोज कुमार, संदीप, माधुरी, मनोरमा, निधि मिश्रा, मधु सिंह, राजेश्वरी आदि का विशेष योगदान रहा। इन सभी ने प्रतियोगिता से पूर्व बच्चों को खेल-कूद का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया। समापन समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार झा ने प्रतिभागी बच्चों को मेडल तथा अन्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। बच्चों की मुस्कान और उत्साह ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Share Now...