- बच्चों को स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
केराकत। क्षेत्र के डेडुवाना स्थित पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय में स्वच्छता पखवारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष राजभर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और साफ-सफाई को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रधानाध्यापक संतोष राजभर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि गंदगी कई प्रकार की बीमारियों का प्रमुख कारण होती है। यदि हम अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें तो अनेक रोगों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ और रोगमुक्त समाज की पहचान है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिसर की साफ-सफाई भी कराई गई और बच्चों को कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक मीनू, गौरव श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने विद्यार्थियों को स्वच्छता अपनाने और समाज में स्वच्छता का संदेश फैलाने का संकल्प दिलाया।



