― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरटेंट हाउस संचालक को बंधक बनाकर लूट

टेंट हाउस संचालक को बंधक बनाकर लूट

जौनपुर धारा, सुइथाकला। गैरवांह निवासी टेंट हाउस संचालक ने तीन नामजद सहित आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध बंधक बनाकर लूट व दो लाख रुपए रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है।घटना मंगलवार रात साढ़े आठ बजे की है। गैरवांह निवासी अंगद कुमार जिले की सीमा पर सुल्तानपुर जनपद अंतर्गत मेवनगर में टेंट हाउस चलाते हैं। आरोप है कि मंगलवार रात दुकान से घर वापस लौटते समय अरसियां बाजार से पांच सौ मीटर पहले गौरीशंकर पब्लिक स्कूल के पास पल्सर बाइक के साथ पहले से ही खड़े दो युवकों ने उसे रोक लिया। अभी वह कुछ समझ पाता कि तब तक पीछे से एक कार पर सवार चार अन्य लोग भी आ गए और उसे जबरन कार में बैठाकर वापस मेवनगर की तरफ एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां ले जाकर सभी लोगों ने उसे मिलकर पीटा और तमंचा, चाकू आदि से धमकाकर उसकी सोने की अंगूठी, चेन व अठारह हजार रुपए नकद छीन लिए। इतना ही नहीं दो लाख रुपए की मांग अलग से करने लगे। पिटाई व जान बचाने की नीयत से उसने कहा अभी उसके पास कुछ नहीं है। कल दिन में वह दो लाख की व्यवस्था कर देगा। इसके बाद बदमाशों ने उससे चार हजार रुपए गूगल-पे के माध्यम से अपने खाते में ट्रांसफर कराया। इसके बाद बाइक पर बैठाकर जहां से बंधक बनाकर ले गए थे वहीं लाकर छोड़ दिया। बुधवार सुबह पीड़ित ने भुसौड़ी निवासी गप्पू सिंह, अतरौड़ा निवासी सौरभ तिवारी तथा जमालपुर निवासी सौरभ राजभर सहित तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाने में प्रार्थना पत्र दिया। इस संबंध में पूछे जाने पर क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Share Now...