4 दुकानों की नीलामी 22 को
जौनपुर धारा, जौनपुर। अध्यक्ष निलामी समिति/अपर जिला जज शरद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिये जनपद न्यायालय परिसर स्थित लोक विक्रय से वंचित शेष 04 दुकानों/प्रतिष्ठानों के लिये मुहरबन्द निविदा 22 अगस्त को 02 बजे दिन में परिसर स्थित सभागार में खोली जायेगी। जिसमें कैण्टीन न्याय भवन, 8 पान शॉप, स्टेशनरी शाप उत्तरी नीलामी की जायेगी। इच्छुक आवेदन 21 अगस्त 2023 को सांय 4 बजे तक मुहरबन्द निविदा प्रस्तुत कर सकतें हैं। इस दौरान विभाग के नियम शर्तों पूर्ण करना अनिवार्य होना। जिसकी जानकारी जनपद न्यायालय से प्राप्त की जा सकती है।
सड़क दुघर्टना युवक घायल
जौनपुर धारा, शाहगंज। समीपवर्ती जनपद के खंजहापुर चौराहे पर सड़क दुघर्टना में बाइक सवार एक युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
समीपवर्ती जनपद के खंजहापुर गांव निवासी 28 वर्षीय विजय पुत्र अच्छेलाल बुधवार की रात शाहगंज से बाइक से घर जा रहा था कि घर के समीप चौराहे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उक्त युवक की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
उचक्कों ने रेल यात्री को धक्का दे मोबाइल छीनकर फरार
जौनपुर धारा,शाहगंज। साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन से सफर कर रहे फरूखाबाद के गुलरिया जहानाबाद निवासी को उचक्कों ने चलती ट्रेन से मोबाइल छीनकर धक्का दे दिया।फिलहाल पीड़ित ने जंक्शन पर पहुंच मामला जीआरपी को बताया।वहीं हालत गम्भीर देख उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
उक्त गांव निवासी 26 वर्षीय कासिम पुत्र सैकू साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन से रसड़ा से लखनऊ जा रहा था। भुक्तभेगी के मुताबिक खंजहापुर हाल्ट व शाहगंज स्टेशन के बीच उचक्कों ने मोबाइल छीनकर चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। वहीं उचक्के भी ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना देर रात की बतायी जाती है। स्थानीय लोगों ने किसी तरह सीएचसी में भर्ती कराया जहाँ प्राथमिक उपचार के उपरांत हालत गम्भीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
बीस लीटर देशी शराब के साथ अभियुक्त गिरफ्तार
जौनपुर धारा, पवांरा। पुलिस अधीक्षक डॉ.अजय पाल शर्मा के आदेश के अनुपालन में चलाये जा रहे अपराध की रोकथाम अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत 16 अगस्त की रात्रि मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष राजनरायन चौरसिया, उपनिरीक्षक मंजय यादव व आबकारी निरीक्षक इन्द्रजीत कुमार ने टीम के साथ धर्मा देवी डिग्री कालेज से एक व्यक्ति राकेश कुमार पुत्र स्व. लालता प्रसाद निवासी-मड़वा दोदक थाना-पवांरा को बीस लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ सम्बन्धित धारा में मुकदमा दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गयी है।
विश्वकर्मा समाज को छलने का कार्य कर रही सरकार
जौनपुर धारा, मुफ्तीगंज। सरकार विश्वकर्मा योजना के नाम पर विश्वकर्मा को ठगने का कार्य करने जा रही है जो पूंजीपति होंगे वह तो इस योजना का लाभ लेगे, जो गरीब तबके के हैं वह सरकार से लोन लेंगे। जब पांच प्रतिशत के दर से ब्याज भरना होगा दे नहीं पायेगे तो उनकी सम्पत्ती कुर्क कर दी जायेगी। सरकार विश्वकर्मा समाज के नाम पर विश्वकर्मा समाज को छलने का कार्य करने जा रही है। क्योंकि विश्वकर्मा समाज एक कमाऊ ब्यक्ति है राष्ट्रीय लोकदल पार्टी के प्रदेश महासचिव रामासरे विश्वकर्मा से हुई फोन से वार्ता पर उन्होने बताया कि विश्वकर्मा योजना नाम देने से विश्वकर्मा समाज लाभावान्तित नहीं होगा यह योजना केवल पूंजीपतियों के लिए है इसमें तो कई जातियां शामिल हैं।
पल्सर सवार उचक्कों ने मोबाइल छीना
जौनपुर धारा, मछलीशहर। कोतवाली क्षेत्र के मछलीशहर-मड़ियाहूं मार्ग पर जमालपुर गांव के पास पल्सर सवार उचक्कों ने युवक के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गये। भुक्तभेगी ने कोतवाली में घटना की जानकारी देते हुये लिखित तहरीर दी है।
बताया जाता है कि उक्त गांव निवासी राजकुमार यादव पुत्र सूर्यबली यादव बुद्धवार शाम को सड़क पर स्थित एक दुकान से सामान लेकर लौट रहा था। जैसे ही सड़क पर स्थित पेट्रोल पम्प के पास पहुंचा ही था कि इसी बीच किसी का फोन आ गया। बात करने के बाद फोन जेब में रख ही रहा था कि अचानक पल्सर सवार दो लोग आ गये। भुक्तभेगी को थप्पड़ मारकर उसका कीमती मोबाइल छीनकर फरार हो गये। लोंगों ने काफी दूर पीछा किया लेकिन उचक्कों का पता नहीं चला।
ग्रामीणों के साथ पीआरडी जवानों ने फहराया तिरंगा
जौनपुर धारा, सुजानगंज। फरीदाबाद गोदाम पर ग्रामवासियों ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में मौजूद पीआरडी के जवानों ने पौधा लगाकर शुद्ध पर्यावरण का संकल्प लिया। अजय पटेल के नेतृत्व में गांव के नवयुवकों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गयी जिसमें ग्राम प्रधान विकास सिंह, सूबेदार दुबे, नितिन तिवारी, लाल चंद्र मौर्य की देखरेख में धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में अमित सिंह, विक्की पटेल, पंकज कुमार, मुकेश कुमार, अखिलेश पटेल, दीपक पटेल, राजेश सहित ग्रामवासी मौजूद रहे।
ग्राम रोजगार सेवकों ने चलाया ट्विटर महाभियान
जौनपुर धारा, सुजानगंज। बीते चार अक्टूबर 2021 को डिफेन्स एक्सपो बृंदावन मैदान लखनऊ में प्रदेश के ग्राम रोजगार सेवकों को बुलाकर मुख्यमंत्री योगी द्वारा मंच से घोषणा के बावजूद मांगे पूरी नहीं होने पर ग्राम रोजगार सेवक एकता संघर्ष समिति के प्रांतीय आह्वान पर गुरूवार को ग्राम रोजगार सेवकों द्वारा ट्यूटर के माध्यम से अपनी आवाज को बुलंद करने का एक नायाब तरीका अपनाया गया। इसी क्रम में डा. श्याम शंकर मिश्र जिला महामंत्री ग्राम रोजगार सेवक संघ एवं दिलीप कुमार ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में विकास खंड सभागार में एकत्रित होकर समस्त ग्राम रोजगार सेवकों ने ट्यूटर के माध्यम से अपनी मांगों के समर्थन में आवाज को बुलंद करते हुए इस महाअभियान को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।



