- सुरक्षा के लिए नि:शुल्क गनर की मांग
जौनपुर। पूर्वांचल किसान संगठन के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रशासन से लेकर केंद्र सरकार तक गुहार लगाई है। उन्होंने जिलाधिकारी जौनपुर के साथ-साथ भारत सरकार के गृह मंत्री को भी पत्र भेजकर अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए निशुल्क सरकारी गनर उपलब्ध कराने की मांग की है। चंदवक थाना क्षेत्र के निवासी अजीत कुमार सिंह ने अपने पत्र में बताया कि वह राष्ट्रीय राजमार्ग-233 के निर्माण से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में घोषित इस परियोजना से हजारों किसान प्रभावित हुए हैं, लेकिन अब तक कई किसानों को न्यायोचित मुआवजा नहीं मिल पाया है। किसान नेता के अनुसार, इस मुद्दे को लेकर उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों से कुछ असामाजिक तत्व नाराज हैं और उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके राष्ट्रहित और जनहित में किए जा रहे कार्यों को रोकने के लिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। अजीत कुमार सिंह ने यह भी बताया कि उन्होंने इस मामले की जानकारी प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी पत्र के माध्यम से दी है। साथ ही, धमकी मिलने की शिकायत स्थानीय थाना चंदवक में भी की गई थी, लेकिन पुलिस की ओर से खतरे से इनकार किया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जब तक किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल जाता तथा राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक उनकी सुरक्षा के लिए सरकारी गनर उपलब्ध कराया जाए। इस मामले को लेकर अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



