- आठवें दिन भी ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर पूर्ण रूप से बन्द रहा त्रिलोचन बाजार
जौनपुर धारा, जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के त्रिलोचन महादेव बाजार में भवनाथपुर इंटर कालेज के सामने लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह से जला हुआ है जिसे विभाग आज भी बदल नहीं पाया। आक्रोशित व्यापारियों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष अनुराग वर्मा के नेतृत्व में त्रिलोचन महादेव मंदिर के प्रांगण में जलालपुर एसडीओ राहुल कुमार की सद्बुद्घि के लिए सैकड़ों व्यापारियों के साथ विधि विधान से यज्ञ किया गया।

सद्बुद्घि यज्ञ से पहले व्यापारियों ने पूरे त्रिलोचन बाजार में रैली निकाली और भ्रष्ट एसडीओ मुर्दाबाद के नारे लगाऐ। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि एक सप्ताह पहले ट्रांसफार्मर जलने से उपभेक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि अनुराग वर्मा के नेतृत्व में बुधवार को दर्जनों व्यापारियों के साथ विद्युत उप केन्द्र जलालपुर पर धरन्ाा प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने प्रदर्शन की सूचना टेलीफोन से एसडीओ को दी। एसडीओ ने उल्टा कार्रवाई करने की बात कह दी जिससे व्यापार मंडल के कार्यकर्ताओं सहित बाजारवासी आक्रोशित हो गए और गुरूवार को सम्पूर्ण त्रिलोचन महादेव बाजार को बन्द कर एसडीओ के निलंबन पर अड़ गए। एसडीओ के निलंबन तक सभी व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठान को बन्द रखने का आह्वान किया। बाजार बन्द होने से लोग चाय-पान के लिए भटकते रहे। त्रिलोचन महादेव स्थित यादव धर्मशाला में व्यापार मंडल अध्यक्ष ने एक बैठक कर आह्वान किया अगर आज ट्रांसफार्मर नहीं लगा तो व्यापारी जलालपुर उप केन्द्र पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे जिसके जिम्मेदार एसडीओ राहुल कुमार होगें। खबर लिखे जाने तक ट्रांसफार्मर नहीं लग सका था। इस अवसर पर चन्दन जायसवाल, सचिन सेठ, धीरज गिरि, उमेश साहू, दीपक अग्रहरी, संजय जायसवाल, अनंत रस्तोगी, पंचम मोदनवाल, बीरू अग्रहरी, बंटी अग्रहरी, कुन्दन जायसवाल, प्रेम प्रजापति, सरोज मोदनवाल, राजा गिरि, सन्नी अग्रहरी, भीम गुप्ता, आनंद अग्रहरी, पप्पू यादव सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।



