- 40ग्राम पंचायतों की 610महिलाओं ने लिया भाग, अधिकार व सशक्तिकरण पर हुई चर्चा
जौनपुर। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक्शन एड के सौजन्य से ब्लॉक मछलीशहर के गंगा पैलेस में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक सिकरारा, मछलीशहर और मड़ियाहूं की 40ग्राम पंचायतों से आई लगभग 610महिलाओं और किशोरियों ने भाग लिया। सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार और सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाना तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित करना था। मुख्य अतिथि सहायक श्रम आयुक्त देवव्रत यादव ने कहा कि मजदूरी से जुड़े परिवारों के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम शिक्षा है। उन्होंने अटल आवासीय विद्यालयों का उदाहरण देते हुए मजदूरों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला और महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने तथा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए जागरूक किया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी शंकर यादव ने श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। बाल कल्याण समिति के सदस्य संजय उपाध्याय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं और किशोरियों में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता मृदुल कुमार यादव और देवेंद्र कुमार यादव ने विधिक साक्षरता पर जानकारी देते हुए महिलाओं को ‘अपनी आवाज उठाओ, चुप्पी तोड़ोÓ का संदेश दिया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डेन चंदना त्रिपाठी ने बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। इस दौरान किशोरी समूहों ने दहेज प्रथा, शिक्षा और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नुक्कड़ नाटक व गीतों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अंत में अभय कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बंसीलाल ने तथा संचालन अजय कुमार ने किया।



