केराकत। स्थानीय क्षेत्र के सुरहुरपुर गांव में बुधवार दोपहर प्राचीन बजरंग बली मंदिर में हवन-पूजन के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में महिलाओं और बच्चों सहित करीब एक दर्जन लोग मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गांव निवासी दुखीराम के घर पर रामायण पाठ का आयोजन किया गया था, जिसके समापन पर बुधवार को मंदिर परिसर में हवन-पूजन किया जा रहा था। हवन के दौरान यज्ञ कुंड से उठ रहे धुएं से पास में मौजूद मधुमक्खियां भड़क गईं और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। घटना में राधिका, शकुंतला देवी, बृजेश गौड़, राजेश गौड़, बबीता गौड़, अनंत गौड़, अदिति, पुनीता समेत कई लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह घायलों को मधुमक्खियों के झुंड से बचाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार मंदिर परिसर के आसपास लंबे समय से मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ है। हवन के धुएं से मधुमक्खियां आक्रोशित हो गईं, जिसके चलते यह घटना हुई। घटना के बाद गांव में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा।
― Advertisement ―
पेट्रोल-डीजल और गैस की कमी नहीं
घटतौली व जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएमजौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के पेट्रोल-डीजल...
हवन के धुएं से भड़की मधुमक्खियां, एक दर्जन लोग घायल



