- राजदेई सिंह महिला पी.जी. कॉलेज, ताखा पश्चिम में हुआ वितरण समारोह
शाहगंज। डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने और उच्च शिक्षा में तकनीकी प्रगति को गति देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत गुरुवार को राजदेई सिंह महिला पी.जी.कॉलेज, ताखा पश्चिम, शाहगंज में भव्य टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन और आयोजन कॉलेज के प्रबन्धन समिति की देखरेख में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्य डॉ.शालिनी श्रीवास्तव ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रबन्धक डॉ.आर.पी.सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ.करुणा द्विवेदी, सुषमा पाण्डेय, मीनू सिंह, कार्यालय अधीक्षक भानूप्रताप सिंह तथा प्रभाकर यादव मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन से हुआ। प्राचार्य डॉ.शालिनी श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा छात्राओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि टैबलेट के माध्यम से छात्राएँ ऑनलाइन शिक्षा, ई-लर्निंग सामग्री, सरकारी योजनाओं की जानकारी और तकनीकी संसाधनों तक आसानी से पहुंच बना सकेंगी। डॉ.आर.पी. सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का युग तकनीकी ज्ञान का युग है, और शिक्षा में डिजिटल उपकरणों का समावेश छात्राओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे इस सुविधा का पूरा लाभ उठाकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं।इस अवसर पर कई छात्राओं ने अपने विचार भी साझा किए और सरकार व कॉलेज प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को डिजिटल सशक्तिकरण की शपथ दिलाई गई। आयोजन स्थल पर उत्साह और आनंद का वातावरण रहा।



