जौनपुर। एथलेटिक्स संघ के समन्वय से प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक/बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 6 और 7 जनवरी 2026 को, प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर पुरूष/महिला प्रतियोगिता का आयोजन 12-13 जनवरी 2026 को पुरूष तथा 15-16 जनवरी, 2026 को महिला की प्रतियोगिता अयोध्या में किया जा रहा है। इस क्रम में जनपद जौनपुर के सब-जूनियर बालक/बालिका एथलेटिक्स खिलाड़ियों का जनपदीय चयन परीक्षण 30दिसंबर को तथा सीनियर महिला/पुरूष खिलाड़ियों का जनपदीय चयन परीक्षण 2 जनवरी को प्रात: 10.00बजे से इन्दिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम सिद्दीकपुर में किया जायेगा। जनपद स्तर पर चयनित सब-जूनियर बालक/बालिका एथलेटिक्स खिलाड़ी ही 31दिसंबर को तथा सीनियर महिला/पुरूष एथलेटिक्स खिलाड़ी दिनांक 03 जनवरी को आयोजित मण्डल स्तरीय चयन जो डॉ.सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा, वाराणसी में प्रात: 10.00बजे से किया जायेगा, में प्रतिभाग करेंगे। मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स उपरान्त मण्डल की टीम का गठन किया जायेगा, मण्डल स्तरीय टीम ही प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
आजमगढ़ व बलिया में तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक प्रतियोगिता का आयोजन
जौनपुर। प्रदेश स्तरीय खेल समन्वय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 11 जनवरी 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम बलिया में तथा प्रदेश स्तरीय खेल समन्वय जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 16 से 18 जनवरी तक स्पोर्ट्स स्टेडियम आजमगढ़ में किया जा रहा है। उक्त के क्रम में जनपद जौनपुर के जूनियर बालक/बालिका कुश्ती खिलाड़ियों का जनपदीय चयन परीक्षण 31दिसंबर को पूर्वान्ह 10.00बजे से इन्दिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में किया जायेगा। जनपद स्तर पर चयनित कुश्ती खिलाड़ी ही 2 जनवरी को आयोजित मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स, जो डॉ.सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा, वाराणसी में प्रात: 10.00बजे से किया जायेगा, में प्रतिभाग करेंगे। मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स उपरान्त मण्डल की टीम का गठन किया जायेगा, मण्डल स्तरीय टीम ही प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप पर अपना पात्रता प्रमाण पत्र फोटो सहित तथा आयु प्रमाण-पत्र प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित तथा जन्म प्रमाण एवं निवास प्रमाण पत्र के साथ, हाई स्कूल अंक पत्र की छायाप्रति साथ लेकर जनपदीय चयन/परीक्षण में प्रतिभाग कर सकते हैं। चयन परीक्षण में प्रतिभाग हेतु खिलाड़ी की जन्म तिथि वर्ष 2006 से 2008 के मध्य होना चाहिए तथा 2009 में जन्मे खिलाड़ी भी अपने माता-पिता की सहमति से प्रतिभाग कर सकते हैं। जूनियर बालिका कुश्ती फ्री-स्टाईल का निर्धारित भार वर्ग- 50, 53, 55, 57, 59, 62, 65, 67, 68, 72, 76 किग्रा. तथा जूनियर बालक कुश्ती फ्री-स्टाईल का भार वर्ग- 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97, 125 किग्रा. एवं जूनियर बालक कुश्ती ग्रीको रोमन बालक वर्ग का भारवर्ग 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 व 130 किग्रा. होना चाहिए।
शिक्षक दंपत्ति ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
जौनपुर। ट्रैक्टर से कुचलकर शिक्षक दंपत्ति की हत्या करने के प्रयास के मामले में जिला प्रशासन की निष्क्रियता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से कई बार गुहार लगाने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। निराश होकर अब पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित शिक्षिका नीतू सिंह ने मुख्यमंत्री के ऑनलाइन जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद दबंगों ने विवादित भूमि पर सड़क निर्माण करवाना के लिए मिट्टी डाल रहे थे, जब इस मामले का विरोध करने का प्रयास किया तो ट्रैक्टर चालक ने शिक्षक दंपत्ति को कुचलने की धमकी दी और जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद तत्काल 112पुलिस को सूचना दी गई थी, साथ ही जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की गई, लेकिन अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई गई। पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पूरे परिवार में भय का माहौल है और कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। मुख्यमंत्री से की गई शिकायत में पीड़िता ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई, परिवार की सुरक्षा और हाईकोर्ट के आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
लगातार दूसरे दिन भी आसमान में बने हैं बादल
जौनपुर। सोमवार को भी आसमान में बादलों का डेरा बना रहा, सुबह से घनी बदरी छाई रही, और पूरे दिन धूप का दर्शन तक नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस गिरने के बाद ठंड गलन बढ़ गई। अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस है। सुबह लोग सो कर उठे तो बदली का सामना हुआ। शीतलहरी के बीच पछुआ हवा भी चल रही है। इससे ठंड और गलन बरकरार है। लोगों ने किसी तरह ठिठुरते कांपते सुबह के रोजमर्रा कार्य निपटाए। पशुपालकों को अपने पशुओं को चारा पानी देने, गोबर उठाने में दिक्कत हुई। पशुशाला गीली हो जाने से पशु रातभर खड़े खड़े बिताने को मजबूर रहे। लगातार बदली रहने से पशुशाला सूख नहीं रही है। इंटर तक के स्कूल बंद होने से छोटे बड़े सभी बच्चों को राहत मिली है। नौ बजे के बाद तक सूर्य के दर्शन नहीं हुए थे।
पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू, मतपेटियों की जांच शुरू
केराकत। आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर प्रशासन द्वारा चुनावी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। खण्ड विकास कार्यालय के स्टोर रूम में रखी गई मतपेटिकाओं को बाहर निकालकर उनकी सफाई, गिनती और तकनीकी जांच का कार्य किया जा रहा है।
अधिकारियों की देखरेख में मतपेटिकाओं की एक-एक कर जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कितनी मतपेटिकाएं पूरी तरह से सही स्थिति में हैं और कितनी खराब हो चुकी हैं। जांच के दौरान जंग लगी या अत्यधिक क्षतिग्रस्त मतपेटिकाओं को चिन्हित किया जा रहा है। जो मतपेटिकाएं जंग लगने या अन्य कारणों से अनुपयोगी पाई जाएंगी उन्हें बदला जाएगा। वहीं जिन मतपेटिकाओं में केवल मेंटनेंस की आवश्यकता होगी, उनके स्प्रिंग, ढक्कन व अन्य तकनीकी हिस्सों को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो और समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, जिससे पंचायत चुनाव को व्यवस्था बाधित न हो। वहीं, राज्य में एसाआईआर के दौरान हुई आपत्तियों के लिए दावा कर सकते हैं।
ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
मुंगराबादशाहपुर। जौनपुर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने मु.बादशाहपुर रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस एवं सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव तथा रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर माननीय रेल मंत्री भारत सरकार को पत्र भेजा है।
सपा नगर अध्यक्ष तमजीद अशरफ की मांग पर सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उनके संसदीय क्षेत्र में मुंगराबादशाहपुर नगर पालिका क्षेत्र एवं सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र है जहां अनेक बड़े उद्योग संचालित हैं। सांसद ने कहा कि बादशाहपुर रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त एक्सप्रेस एवं सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव न होने के कारण यात्रियों को जौनपुर, प्रयागराज अथवा वाराणसी जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे समय धन और असुविधा बढ़ती है। जनहित एवं औद्योगिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नीलांचल एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, अर्चना सुपरफास्ट, मरुधर एक्सप्रेस, हावड़ा-बीकानेर सुपरफास्ट तथा एकात्मता एक्सप्रेस का ठहराव बादशाहपुर स्टेशन पर प्रदान करने की जाए। इसके साथ ही सांसद ने छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस को प्रतापगढ़-रायबरेली मार्ग से संचालित करने तथा 15108 लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस को सायंकालीन समय में चलाए जाने पर भी विचार करने का अनुरोध किया है। इन प्रस्तावों से न केवल लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, बल्कि बादशाहपुर रेलवे स्टेशन की आय में भी वृद्धि होगी। साथ ही ‘मेक इन इंडियाÓ अभियान के अंतर्गत सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र को गति मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को बल मिलेगा। सांसद ने रेल मंत्री से जनहित में इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।
मत्स्य विभाग में नवीन योजना एयरेशन सिस्टम हेतु आवेदन की तिथि बढ़ायी
जौनपुर। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य शाहिद जमाल ने अवगत कराया है कि पूर्णत: महिला मत्स्य पालकों को समर्पित, सधन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम स्थापना योजना जिसका ऑनलाइन आवेदन 29जुलाई से 31 अगस्त तक खोला गया था। विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करने हेतु पोर्टल पुन: 29 दिसम्बर से 07 जनवरी 2026 तक के लिए खोला गया है जिसमें आवेदन किया जा सकता है। योजना में पट्टे के तालाब पर ऐसी महिला मत्स्य पालक जिसके तालाब की पट्टा अवधि 05 व़र्ष शेष हो आवेदन कर सकते है। 0.5 हे.के तालाब पर एक एयरेटर एवं 1.00हे.अथवा उससे बड़े तालाब पर अधिकतम 02 एयरेटर प्रति महिला मत्स्य पालक जिनके तालाब वर्तमान मत्स्य उत्पादकता कम से कम 4-5 टन प्रति हे.हो आवेदन कर सकते है। विस्तृत जानकारी हेतु किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय-मत्स्य पालक विकास अभिकरण, विकास भवन जौनपुर से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के आयोजन का विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र के निर्देशानुसार जौनपुर में वर्ष 2026 के प्रथम छमाही के लिए सम्पूर्ण समाधान दिवस के आयोजन का विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। यह आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को तहसील स्तर पर सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि जनसामान्य की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 03 जनवरी को प्रथम शनिवार को तहसील शाहगंज में एडीएम (भू-राजस्व), केराकत में एडीएम (वि/रा.), सदर में जिलाधिकारी एवं मछलीशहर में सीडीओ की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित होगा। इसी क्रम में 17 जनवरी को तृतीय शनिवार को बदलापुर में सीडीओ, केराकत में एडीएम(भू-राजस्व), सदर एडीएम(वि/रा0) एवं मड़ियाहूँ जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसीलों में समाधान दिवस संपन्न कराया जाएगा। 07 फरवरी (प्रथम शनिवार) को शाहगंज सीडीओ, सदर एडीएम (भू-राजस्व), मड़ियाहूँ एडीएम (वि0/रा0) एवं मछलीशहर डीएम, 21 फरवरी 2026 (तृतीय शनिवार) को बदलापुर एडीएम, केराकत सीडीओ, मड़ियाहूँ एडीएम (भू-राजस्व) एवं मछलीशहर एडीएम की अध्यक्षता में तहसीलों में आयोजन होगा। मार्च 2026 में 07 मार्च (प्रथम शनिवार) को बदलापुर में एडीएम, शाहगंज में जिलाधिकारी, सदर में सीडीओ एवं मछलीशहर एडीएम (भू-राजस्व) तथा 21 मार्च (तृतीय शनिवार) को बदलापुर एडीएम (भू-राजस्व), शाहगंज में एडीएम, केराकत में जिलाधिकारी एवं मड़ियाहूँ में सीडीओ की अध्यक्षता में तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा। अप्रैल 2026 में 04 अप्रैल (प्रथम शनिवार) को शाहगंज में एडीएम(भू-राजस्व), केराकत में एडीएम, सदर में डीएम एवं मछलीशहर में सीडीओ, जबकि 18अप्रैल (तृतीय शनिवार) को बदलापुर में सीडीओ, केराकत में एडीएम (भू-राजस्व), सदर में एडीएम एवं मड़ियाहूँ डीएम की अध्यक्षता में तहसीलों में कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी प्रकार मई 2026 में 02 मई (प्रथम शनिवार) को शाहगंज में सीडीओ, सदर में एडीएम भ-राजस्व, मड़ियाहूँ में एडीएम वि/रा0 एवं मछलीशहर में डीएम तथा 16 मई (तृतीय शनिवार) को बदलापुर में जिलाधिकारी, केराकत में सीडीओ, मड़ियाहूँ में एडीएम भू.-राजस्व एवं मछलीशहर में एडीएम वि./रा. की अध्यक्षता में तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। जून 2026 में 06 जून (प्रथम शनिवार) को बदलापुर एडीएम वि./रा., शाहगंज में जिलाधिकारी, सदर में सीडीओ एवं मछलीशहर में एडीएम भू-राजस्व तथा 20 जून (तृतीय शनिवार) को बदलापुर एडीएम (भू-राजस्व), शाहगंज में एडीएम (वि./रा.), केराकत में जिलाधिकारी एवं मड़ियाहूँ में सीडीओ की अध्यक्षता में तहसीलों में समाधान दिवस संपन्न कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन के निर्देशानुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा प्राप्त शिकायतों का तत्काल, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। यदि किसी कारणवश निर्धारित तिथि को सार्वजनिक अवकाश रहता है, तो सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अगले कार्य दिवस में किया जाएगा।


