Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरसमाधान दिवस में डीएम सख्त, शाहगंज में सुनीं 57 शिकायतें, त्वरित निस्तारण...

समाधान दिवस में डीएम सख्त, शाहगंज में सुनीं 57 शिकायतें, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

शाहगंज। तहसील शाहगंज के सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की मौजूदगी में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवसÓ का आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। महमूदपुर निवासी बनवारी लाल ने अपने दिव्यांग पुत्र के लिए पेंशन और ट्राईसाइकिल की गुहार लगाई, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को पात्रता सत्यापन कर जल्द लाभ दिलाने का निर्देश दिया। ग्राम कोकना पिलकिछा के रमेश चंद्र उपाध्याय ने शिकायत की कि विपक्षियों ने उनके मुख्य द्वार के सामने 3 फीट ऊंची दीवार खड़ी कर रास्ता रोक दिया है। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए सीओ चकबंदी को तत्काल समस्या समाधान के निर्देश दिए। सुल्तानपुर निवासी अंगद प्रसाद यादव की पैमाइश की मांग और शहाबुद्दीनपुर निवासी अवधेश यादव द्वारा पत्थरगड्डी उखाड़ने के विरुद्ध दी गई शिकायत पर डीएम ने कानूनगो, लेखपाल और एसडीएम को स्थलीय जांच कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। समाधान दिवस के दौरान कुल 57 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 09 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को राजस्व, भूमि विवाद और पेंशन से संबंधित विभागों को सौंपते हुए समय सीमा के भीतर हल करने की हिदायत दी गई। तहसील सदर के कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसी प्रकार जनपद की अन्य सभी तहसीलों में भी संबंधित अधिकारियों ने जनता की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण की प्रक्रिया सुनिश्चित की। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी शाहगंज, क्षेत्राधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share Now...