स्थानीय युवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को निकाला, पुलिस आवश्यक कार्यवाही में जुटी
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित मां शीतला चौकिया धाम पर दर्शन करने आए तीन लड़कों में से एक किशोर की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा सोमवार सुबह उस समय हुआ जब तीनों लड़के स्नान करने के लिए पोखरे में उतरे थे। जानकारी के अनुसार सतहरिया थाना मुंगराबादशाहपुर निवासी अमित कुमार पुत्र बिहारी लाल अपनी बाइक से कमलदीप (15) पुत्र संतोष कुमार कश्यप और आर्यन (10) पुत्र राकेश कुमार को साथ लेकर शीतला चौकिया धाम दर्शन के लिए आया था। दर्शन के बाद तीनों लड़के पास स्थित पोखरे में स्नान करने उतर गए। इसी दौरान कमलदीप गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर तत्काल बचाव का प्रयास किया और एक लड़के को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन कमलदीप को नहीं बचाया जा सका। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शीतला चौकिया राम प्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से किशोर का शव बाहर निकाला गया। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



