- अधिकारियों की आंखों पर बंधी काली पट्टी, रह वासियों का जीना हुआ दूभर
- आपराधिक गतिविधि की संभावना से भी इनकार नहीं
शैलेष नाग
शाहगंज। शाहगंज नगर के अयोध्या मार्ग स्थित गौशाला के बगल में 100मीटर की दूरी पर स्थित एक दो कमरे के तथाकथित होटल में व पब्लिक इंटर कॉलेज के बगल रास्ते पर 200मीटर की दूरी पर एक-एक कमरे के होटल पर तथा एक नवनिर्मित कॉलोनी के बगल चल रहे होटलों पर इन दिनों सेक्स रैकेट का धंधा बड़े पैमाने पर फल फूल रहा है। जिसके चलते कॉलोनी में रहने वाले परिवार जनों का जीना दूभर हो गया है। कॉलोनी के एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि प्रत्येक दिन उजाला होते ही उक्त होटलों में स्कूल और कॉलेज की लड़कियां लड़कों के साथ मोटरसाइकिल से उक्त होटलों में जाती हैं और होटल मालिक बिना किसी आई डी के उन्हें 1000-2000 लेकर रूम दे देते हैं और उनको बता दिया जाता है कि 2घंटे में रूम खाली करना है। आलम यह है कि नव वर्ष की रात 9:00 बजे युवा उक्त होटलों में जाते रहें, रूम देने के बाद होटल कर्मचारी होटल का ताला बाहर से बंद कर घर चले जाते हैं और सुबह होटल खोला जाता है। लड़की और लड़के बंद होटल में रात भर रहते हैं किसी भी दुर्घटना की फिक्र भी इन होटल मालिकों को नहीं है। समाचार पत्र क्राइम टीम जब इन होटलों पर पहुंची और जानकारी लेना चाहा तो जिम्मेदार कर्मचारी आंखें चुराते हुए नजर आए। बताते चलें कि शासन का सख्त आदेश है कि बिना आईडी के किसी भी व्यक्ति को किसी भी होटल में कोई रूम नहीं दिया जाना चाहिए। उसके अलावा संदिग्ध दिखने वाले व्यक्तियों के बारे में तुरंत कोतवाली सूचना देना चाहिए। लेकिन जिम्मेदारों को मोटी रकम पहुंचा कर शासन के इन सभी आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार ज्ञात हुआ है कि इन होटल मालिकों के पास आजमगढ़, जौनपुर सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर आदि निकटवर्ती जिलों के सैकड़ो लड़कियों का नंबर मौजूद रहता है और डील तय होने पर उन्हें फोन से बुला लिया जाता है। ऐसे में आपराधिक गतिविधियों के संचालन की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। सूत्र बताते हैं कि इन होटल मालिकों द्वारा प्रतिमाह संबंधित अधिकारियों को मोटी रकम पहुंचा दी जाती है। जिसके चलते आज तक इन होटलो पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।



