जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव में नई देशी शराब की दुकान खोलने के प्रस्ताव ने विवाद का रूप ले लिया है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस फैसले के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करने का प्रयास किया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रस्तावित दुकान राष्ट्रीय राजमार्ग 135ए पर बादशाही से चकमारुफपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के बीच ‘फुरफुरी नगरÓ बाजार में स्थित है। यह एक घनी आबादी वाला इलाका है, जहाँ से रोजाना स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं गुजरते हैं। ग्रामीणों का तर्क है कि शराब की दुकान खुलने से न केवल क्षेत्र का सामाजिक माहौल खराब होगा, बल्कि बहन-बेटियों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडराएगा। विरोध की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा। ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 135ए पर बादशाही के पास चक्का जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने गांव के संभ्रांत व्यक्तियों और प्रधान पति सिराज अहमद के सहयोग से लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सिराज अहमद ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे इस मामले की लिखित शिकायत प्रशासन से करेंगे। प्रदर्शन में शामिल सरोजा और मनोरमा जैसी स्थानीय महिलाओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘शराब का ठेका खुलने से शाम के समय पियक्कड़ों का जमावड़ा लगेगा, जो गाली-गलौज और अभद्रता करेंगे। पास में ही स्कूल और मंदिर भी हैं, जिससे बच्चों के भविष्य और आस्था पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। ग्रामीण अच्छे लाल बिंद ने स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र में पहले कभी शराब की दुकान नहीं थी। ग्रामीणों की मांग है कि यदि दुकान खोलनी ही है, तो उसे आबादी वाले क्षेत्र और मुख्य रास्ते से हटाकर किसी निर्जन या खाली स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। फिलहाल, क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और ग्रामीण प्रशासन के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं।
― Advertisement ―
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 538 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित
जौनपुर। लखनऊ से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत 90हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी...
शराब की दुकान के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क जाम की कोशिश



