- 15हजार लेकर भी नहीं दिलाया कब्जा, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के निवासी लालजी यादव ने राजस्व विभाग के हल्का लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि लेखपाल की लापरवाही और मिलीभगत के कारण वह आज तक अपनी जमीन पर कब्जा नहीं पा सके हैं। पीड़ित लालजी यादव ने बताया कि पत्थर गड्डी (सीमा निर्धारण) होने के बावजूद विपक्षी पक्ष के दबंग लोग जमीन पर कब्जा नहीं करने दे रहे हैं। जब उन्होंने इस संबंध में लेखपाल से संपर्क किया तो लेखपाल लगातार आजकल आऊंगा कहकर टालते रहे और मौके पर नहीं पहुंचे। लालजी यादव ने आरोप लगाया कि लेखपाल विपक्षी पक्ष से मिलकर मुझसे तीन बार में कुल 15,000 रुपये ले चुकें है, तथा अब और पैसे की मांग कर रहें है। जब उन्होंने और पैसा देने से इंकार किया, तो लेखपाल ने उनकी जमीन को कब्जे में दिलाने से मना कर दिया। पीड़ित ने बताया कि वह 14अक्टूबर को उपजिलाधिकारी शाहगंज के सामने पेश हुए, जहां एसडीएम ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल जमीन विवाद निपटाने के निर्देश दिए। इसके बावजूद भी लेखपाल ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित का कहना है कि उन्हें अब अपनी जान का भी खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं जिलाधिकारी जौनपुर का कहना है कि राजस्व विभाग के विवादों को गंभीरता से लेते हुए समाधान कराया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में संलिप्त लेखपाल पर क्या कार्रवाई करता है या फिर पीड़ित यूं ही न्याय के लिए दर-दर भटकता रहेगा।



