- एयरबैग खुलने से स्कार्पियो चालक अध्यापक की बची जान
- एक दिन पहले अध्यापक ने खरीदी थी स्कार्पियो, विजेथुआ धाम दर्शन कर लौटने के दौरान हुआ हादसा
खुटहन। शाहगंज वाया प्रयागराज राजमार्ग स्थित तिलवारी सम्मनपुर गॉव के पास स्कार्पियो व रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर में जनपद अमेठी निवासी स्कार्पियो चालक अध्यापक गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार स्थानीय लोगों की मदद से एक निजी अस्पताल में कराया गया। जिसकी हालत अब ठीक बतायी जा रही है। घायल अध्यापक ने एक दिन पहले ही स्कार्पियो को गौरीगंज अमेठी से खरीदा था।

सुल्तानपुर विजेथुआ धाम से दर्शनकर वापस अपने गृह जनपद अमेठी लौट रहा था। जनपद अमेठी के लौकापुर देवरहा गॉव निवासी अमित कुमार त्रिपाठी उसी जनपद में एक इंटरमीडिएट कॉलेज में गणित अध्यापक है। उनके अनुसार वह गुरूवार को गौरीगंज अमेठी स्थित ऐजेंसी से स्कॉर्पियो खरीदे थे। दर्शन करने के उद्देश्य से वह अकेले शुक्रवार को सुल्तानपुर के सूरापुर स्थित विजेथुआ धाम गये थे। दर्शन कर वापस गृह जनपद अमेठी लौटते समय शाहगंज-प्रयागराज राजमार्ग स्थित तिलवारी सम्मनपुर गॉव के पास बदलापुर की तरफ से आ रही एक रोडवेज बस ने ट्रक को ओवरटेक करते हुए सामने से टक्कर मार दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गये और नयी स्कार्पियो का आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि सामने की सीट के दोनो एयरबैग खुल गये। जिससे जान बच पायी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गये। रोडवेज बस के चालक की लापरवाही से इतना बड़ा हादसा हो गया। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित है। पुलिस प्रशासन के पहुचने से पहले ही बस चालक मौके से फरार हो गया।



