ऋण देने में रुचि न लेने वाले बैंको की शाखाओं पर होगी कठोर कार्यवाही
जौनपुर धारा,जौनपुर। शासन के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र के द्वारा विगत दिनों विभिन्न बैंकों की शाखाओं का औचक निरीक्षण कर सीएम युवा उद्यमी योजनान्तर्गत कई शाखाओं में लक्ष्य के सापेक्ष उक्त योजना की प्रगति धीमी पाये जाने पर अनवरत समीक्षा की जा रही है। विगत 03 मई को सम्पूर्ण समाधान दिवस मछलीशहर में जन शिकायतों का निस्तारण करते समय संज्ञान में आया कि भारतीय स्टेट बैंक आफ इण्डिया की मछलीशहर जौनपुर में इस योजना के अन्तर्गत कुल 135आवेदन प्राप्त हुए है जिसमें से 76आवेदन स्वीकृत और 06आवेदन को ऋण वितरण किये गये और 37आवेदन को निरस्त किये गये है। जो अत्यन्त खेदजनक और चिन्ता का विषय है। इसी प्रकार भारतीय स्टेट बैंक आफ इण्डिया की जौनपुर शाखा के अन्तर्गत 03 मई तक स्वीकृत 499, ऋण वितरण 147 है जो प्रशांसनीय नही है। उपरोक्त के अतरिक्त जनपद के अन्य बैंक एचडीएफसी बैंक, इण्डियन बैंक, बैंक आफ बडौदा, यूपी ग्रामीण बैंक और यूनियन बैंक आफ इण्डिया में भी उपरोक्त योजना के अन्तर्गत कुल प्राप्त आवेदन, स्वीकृत आवेदन और ऋण वितरण, लक्ष्य के सापेक्ष अत्यन्त कम है। जिलाधिकारी ने समस्त बैंकों के सहायक महाप्रबन्धक और क्षेत्रीय प्रबन्धक को पत्र लिखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए अवगत कराया है कि योजना के महत्व को दृष्टिगत रखते हुए प्रकरण का स्वयं संज्ञान लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करें। अधिकारियों के साथ बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन बैंक के द्वारा अभी तक एक भी ऋण वितरण नही किया गया है उन्हें चिन्हित करते हुए 06मई को बैंठक कर समीक्षा की जायेगी और सबसे अधिक ऋण वितरण करने वाले बैंक शाखाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा। इसके साथ ही जिलाधिकारी जनपद के सभी बैंको को स्पष्ट रुप से निर्देशित किया है कि जिन बैंकों के द्वारा ऋण देने में रुचि नही ली जा रही है अपने स्तर से उच्च अधिकारी को अवगत करते हुए आवश्यक कार्यवाही कराये अन्यथा की दशा में जिलाधिकारी कठोर करेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, बैंको के अधिकारीगण सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



