- गौराबादशाहपुर व्यापार मण्डल ने प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं का किया सम्मान
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। अच्छा छात्र बनने के साथ-साथ एक अच्छा और संस्कारी इंसान बनना सबसे महत्वपूर्ण होता है। अगर विद्यार्थी अच्छा इंसान और संस्कारी बालक होगा तो देश अपने आप अच्छा और संस्कारी बनता चला जाएगा। उक्त बातें व्यापार मंडल द्वारा आयोजित सातवें प्रतिभा सम्मान समारोह में आए छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष और जौनपुर जिलाध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल इंद्रभान सिंह इंदू ने कही।
आगे उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना और कठिन मेहनत का कोई दूसरा विकल्प नहीं होता है। कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह, जिला संगठन मंत्री अब्दुल हक अंसारी, नगर अध्यक्ष घश्याम साहू ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में अपने अपने विद्यालय में सर्वोच्च अंक पाए 21 छात्र-छात्राओं को मेडल प्रशस्ति पत्र और स्कूल बैग देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथि इंद्रभान सिंह इंदू द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया तत्पश्चात रश्मि तिवारी द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार धनन्जय राय अर्जुन द्वारा किया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल महामंत्री इकराम अंसारी, थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह, डॉक्टर आरके त्रिपाठी, समाजसेविका तारा त्रिपाठी, अजय सिंह, अंकुर सिंह, विनय कुमार मिश्रा, कुमकुम इत्यादि मौजूद रहे। अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा नेता और ग्रामोदय इण्ट कालेज के प्राचार्य विनोद राय ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। गौराबादशाहपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समस्त व्यापारियों के सहयोग हेतु उनको धन्यवाद ज्ञापित किया और आभार व्यक्त किया।


