मुजफ्फरनगर. सिक्किम के जेमा में शुक्रवार सुबह एक सैन्य ट्रक के खाई में गिरने से सेना के 16 जवानों के शहीद होने के हादसे का शोक मुजफ्फरनगर के एक गांव तक पहुंच गया है. यह ट्रक तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो चटन से सुबह थंगू की ओर बढ़ा था. जेमा के रास्ते में वाहन एक तीखे मोड़ पर एक खड़ी ढलान पर फिसल गया. इस दर्दनाक हादसे यूपी के मुजफ्फरनगर के एक जवान को भी अपनी जान गंवानी पड़ी. इस खबर के बाद इस जवान के परिवार ही नहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है.
मुजफ्फरनगर के युसूफपुर गांव के रहने वाले लोकेश कुमार के शहीद होने की खबर आई है. लोकेश सहरावत 2012 में सेना में स्पोर्ट कोटे से भर्ती हुए थे. 2 साल पहले खतौली थाना इलाके में उनकी शादी हुई थी. सिक्कम में ड्यूटी के दौरान मुजफ्फरनगर का लाल लोकेश उन 16 जवानों में शामिल था, जिनकी ट्रक हादसे में मौत हो गई. लोकेश के शहीद होने की जानकारी परिवार को मिली तो परिवार और गांव में दुख का पहाड़ टूट पड़ा. पूरे गांव में शोक की लहर है. परिवार सहित गांव के कई लोग इस खबर को सुनते ही आंसू नहीं रोक पा रहे. आपको बता दें शहीद जवान लोकेश का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव यूसुफपुर आज शनिवार की देर शाम तक पहुंचेगा. इसके बाद उनका अंतिम संस्कार सेना के तरीके से गांव में किया जाएगा.



