- अपर पुलिस अधीक्षक देहात आतिश कुमार सिंह ने किया खुलासा
सिकरारा। मुंबई से घर लौट रहे एक युवक अपने ही दोस्त की साजिश का शिकार बन गया। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के छाछो चकमुबारकपुर गांव निवासी रमाकांत यादव (29)की हत्या उसके परिचित ने रास्ते में ही गोली मारकर कर दी और फिर शव को जंगल में छिपा दिया।

18नवंबर को रमाकांत मुंबई से कामायनी एक्सप्रेस द्वारा घर के लिए रवाना हुआ था। प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-9 पर उसके ट्रेन से उतरने की सीसीटीवी फुटेज भी मिली थी। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। 19 नवंबर की रात उसने पत्नी रेखा यादव को फोन कर कहा था कि ‘एक घण्टे में घर पहुंच जाऊंगा।Ó परंतु उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। 20 नवंबर को घर न पहुंचने पर परिजनों ने मछलीशहर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों पर नजर रखी। मंगलवार सुबह सिकरारा थाना क्षेत्र में पुराने बरगदर पुल के पास झाड़ियों में स्थानीय लोगों ने एक शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराई तो वह रमाकांत यादव का ही शव निकला। सिर में गहरे चोट के निशान थे। गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस को पड़ोस के गांव के युवक अशोक कुमार यादव पर संदेह हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने चौंकाने वाली सच्चाई उगल दी। अपर पुलिस अधीक्षक देहात आतिश कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्त अशोक कुमार यादव ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि मृतक से उसका पैसे को लेकर विवाद था और पूर्व में दोनों के बीच मारपीट भी हो चुकी थी।

इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई। एएसपी ने आगे बताया कि प्रयागराज से लौटते समय अशोक ने रमाकांत को अपनी गाड़ी में बैठाया और सिकरारा थाना क्षेत्र के समाधगंज के पास उसे गोली मार दी। हत्या के बाद पकड़े जाने के डर से उसने शव को पास के जंगल में ले जाकर झाड़ियों में छिपा दिया। अशोक की निशानदेही पर पुलिस ने न केवल शव बरामद किया बल्कि घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया। मौके पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। शव मिलते ही गांव में मातम का माहौल फैल गया। पिता शिवबहादुर यादव ने रोते हुए बेटे की पहचान की। पत्नी रेखा, दोनों छोटे बच्चे युवराज और ऋषभ तथा परिजन बदहवास हैं और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक देहात आतिश कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के इस जघन्य मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘घटना गंभीर है। मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। यह सनसनीखेज घटना पूरे जौनपुर जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
परीजनो ने मछलीशहर पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
उक्त हत्याकांड को लेकर परिजनों नेमछली शहर पुलिस पर भारी लापरवाही का आरोप लगाया है परिजनों का कहना है कि जिस समय गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज किया था अगर ऊसी समय पुलिस अलर्ट हो गई होती तो मेरे बेटे की हत्या आज नहीं होती मेरा बेटा जिंदा होता। मृतक मछलीशहर का हिस्ट्री सीटर था। मछली शहर थाने में ही विभिन्न धाराओं में उसके उपर 6 मुकदमे दर्ज हैं।



