बक्शा की संकुल संघ अध्यक्ष दे रहीं 350समूहों को नि:शुल्क प्रशिक्षण
जौनपुर। बक्शा ब्लॉक की संकुल संघ अध्यक्ष साधना खरवार जिले को मशरूम उत्पादन में नंबर एक बनाने का प्रयास कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण दे रही हैं। साधना खरवार विभिन्न ब्लॉकों में जाकर समूह की दीदियों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देती हैं। उनका उद्देश्य महिलाओं की आय के स्रोत को मजबूत करना और उन्हें सशक्त बनाना है। अब तक उन्होंने 350स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और लगभग 400किसानों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया है। साधना खरवार स्वयं विभिन्न प्रजातियों के मशरूम का उत्पादन करती हैं। उन्हें इस कार्य में प्रशासन और शासन स्तर से लगातार सहयोग मिल रहा है। इसमें कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा, जिला उद्यान विभाग जौनपुर और कृषि विभाग का पूर्ण समर्थन शामिल है। उन्होंने पूर्व सांसद धनंजय सिंह के योगदान को भी सराहा। साधना खरवार का एकमात्र लक्ष्य है कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के माध्यम से जौनपुर जिले को मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश में नंबर एक बनाया जाए।



