जौनपुर। केराकत तहसील क्षेत्र में एक बाइक सवार दंपति पर हमला किया गया। एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी, जिसके बाद वाहन चालक ने दंपति को जातिसूचक गालियां देते हुए ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में बाइक सवार की उंगली में गंभीर चोट आई है।
केराकत निवासी चंद्रकांत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी सिद्धू देवी के साथ मोटरसाइकिल से जौनपुर सदर अस्पताल दवा लेने जा रहे थे। यह घटना सुबह करीब 9 बजे धर्म यादव के कुएं के पास हुई। चंद्रकांत के अनुसार, धर्म यादव की पोखरी के पास निवासी संजय यादव उर्फ डब्ल्यू यादव ने अपनी चार पहिया गाड़ी लापरवाही से चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण चंद्रकांत और उनकी पत्नी सड़क पर गिर गए। चंद्रकांत के चिल्लाने पर गांव के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे। पीड़ित ने प्रभारी निरीक्षक से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। इंस्पेक्टर दीपेंद्र सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
इनामीपुर में इनोवा की टक्कर से बाइक सवार घायल, पैर में फ्रैक्चर
जौनपुर। सिगरामऊ थाना क्षेत्र के इनामीपुर स्थित प्राइमरी स्कूल मोड़ के पास रविवार को एक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
रानीपुर निवासी और इनामीपुर(पाही) में अस्थायी रूप से रह रहे उमेश मिश्र पुत्र सभाजीत मिश्र अपनी बाइक से जा रहे थे। तभी तियरा की ओर से आ रही एक इनोवा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उमेश मिश्र लगभग 15 फीट दूर खाई में जा गिरे, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जौनपुर ले गए। वहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। घायल के साथ मौजूद परिवार के सदस्य गुड्डू मिश्रा ने बताया कि उमेश मिश्र के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी है, जो अगले दिन किया जाएगा। सूचना मिलने पर पीआरबी 112 और थाना सिगरामऊ प्रभारी सैयद हुसैन के निर्देश पर फिरोजपुर स्थित बाबा खंडेश्वर नाथ मंदिर में मेला ड्यूटी पर तैनात सिपाही रोहित चौहान और अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। थाना प्रभारी सिगरामऊ ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
निराश्रित विकलांग वृद्धा ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
जौनपुर। 70वर्षीय विकलांग एवं निराश्रित वृद्धा रन्नो वर्मा ने जीवन-यापन के लिए आर्थिक सहायता की मार्मिक अपील की है। उन्होंने जिलाधिकारी दिनेश चंद सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर अपने भरण-पोषण, सुरक्षा और प्रशासनिक सहायता की मांग की है।
बताया कि रन्नो वर्मा वर्तमान में जौनपुर में अपने भतीजे के साथ रह रही हैं। उनके पति श्री राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, निवासी ग्राम आशीपुर, पोस्ट रानीगंज, जिला प्रतापगढ़, स्वास्थ्य विभाग से सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त हैं और पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। पर्याप्त संपत्ति होने के बावजूद उन्होंने वृद्धा को साथ रखने से इनकार कर दिया है तथा भरण-पोषण देने से भी इंकार कर रहे हैं। पीड़िता ने एक वर्ष पूर्व फैमिली कोर्ट जौनपुर में गुजारा भत्ता हेतु वाद दायर किया था, लेकिन अब तक कोई अंतरिम राहत नहीं मिली है। आरोप है कि उनके पति न्यायालय में जानबूझकर अनुपस्थित रह रहे हैं, जिससे प्रकरण लंबित है। वृद्धा की विकलांगता और असहाय स्थिति को देखते हुए उन्होंने शासन स्तर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि उन्हें जीवित रहने के लिए आवश्यक आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा मिल सके। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि एक निराश्रित, विकलांग वरिष्ठ नागरिक के अधिकारों की रक्षा करते हुए शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
पूर्व प्रेमी के परिजन की प्रताड़ना से त्रस्त होकर किया आत्महत्या का प्रयास
जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के बारादुवरिया में एक किशोरी ने पूर्व प्रेमी के परिजनों की प्रताणना से त्रस्त होकर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया है। किशोरी की मां ने बताया कि मोहल्ले के ही बीते कुछ माह पूर्व मोहम्मद सगीर पुत्र मोहम्मद सलीम मैं उसकी लड़की को शादी का प्रलोभन देकर उसके इच्छा के विरुद्ध कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया था। आप शादी की बात आई तो लड़के और उसके परिवार के लोग शादी करने से इनकार कर दिया। कोतवाली पुलिस ने उसी समय तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया था। जमानत पर छूट कर आए हुए आरोपी और उसके परिवार के लोग उसे तरह-तरह की ताना मानसिक रूप से प्रताणित करने लगे जिससे दुखी होकर किशोरी ने रविवार की सुबह लगभग 11:00 बजे कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिवार के लोग द्वारा उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। इस घटना में पूछे जाने पर शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में पूरी अभी छानबीन कर रही है और घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में जितना मुंह उतनी बातें कहीं जा रही है।
बी.के.बंगाली को गोली मारने वाले पर मुकदमा दर्ज
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के लखौवा बाजार में शनिवार को लगभग तीन बजे बाइक सवार बदमाशों द्वारा बी.के.बंगाली को गोली मारकर घायल करने के मामलें में एक नामजद दो अज्ञात के खिलाफ देररात मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्यवाही में जुट गई। सीओ देवेश सिंह के नेतृत्व में एसओजी टीम बक्शा पुलिस के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु दबिश शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है। बिनय कीर्तनिया उर्फ बी.के.बंगाली की छोटी पुत्री सोमा कीर्तनिया ने बक्शा पुलिस को दिए तहरीर ने आरोप लगाई है कि मेरे पिता मरीजों को देख खाली वैठे थे तभी एक बाइक पर सवार तीन लोग जिसमें एक लखौवा निवासी आनन्द सिंह उर्फ शोले जो मुंह बांधे हुए थे। पहुँचते ही पिता को लक्ष्य कर गोली मार कर फरार हो गए। गोली पिता के दाहिने पैर के नीचे लगी। सोमा का आरोप है कि आरोपी शोले फोन पर पहले ही धमकी दे चुका है। उधर घायल बी.के. बंगाली पहले ही 50लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा चुके है। पुलिस उक्त मामलें में अभी मुख्य अभियुक्त की पहुँच से दूर है हालांकि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु टीम प्रयासरत है।
पंखे पर फंदे झुलकर विवाहिता ने मौत को लगाया गले
जौनपुर। करंजाकला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के नगहटी गांव की एक विवाहिता ने शनिवार देर रात फंदे पर झुलकर मौत को गले लगा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के नगहटी गांव के निवासी श्याम की पत्नी शालु (23) शनिवार रात अचानक अपने कमरे का दरवाजा बंद कर ली काफी समय बीत जाने के बाद भी जब दरवाजा नही खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई जिसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी उधर सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब कमरे का दरवाजा तोड़कर खोला तो विवाहिता का शव पंखे के सहारे लटकता मिला। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया की परिजनों के तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया अभी तक परिजनों द्वारा मौत के कारण कोई भी स्पष्ट जानकारी नही दी गई है।


