जौनपुर। जिले के शाहगंज क्षेत्र में पुलिस विभाग में कार्यरत एक कम्प्यूटर ऑपरेटर की बच्ची के सामने दबंगों द्वारा पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार अजय राजभर पुत्र स्व.हरिहर प्रसाद निवासी बनगांव, थाना अकबरपुर जनपद अंबेडकर नगर, वर्तमान में खुटहन पुलिस स्टेशन सर्किल में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं। वह अपने परिवार के साथ शाहगंज कस्बे की नई सुबह गली, बस स्टॉप के पीछे रहते हैं। पीड़ित के मुताबिक 26 जनवरी की रात करीब 8:15 बजे वह अपनी छोटी बच्ची को लेकर गली में टहल रहे थे। इसी दौरान नई सुबह अस्पताल के सामने से गुजर रहे कुछ लोगों ने उन पर अभद्र टिप्पणी कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने एक अन्य साथी को बुलाकर अजय राजभर पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि उस समय अजय अपनी बच्ची को गोद में लिए हुए थे। मारपीट के दौरान बच्ची उनके हाथ से गिरकर रोने लगी। पीड़ित ने बच्ची को बचाने के लिए उसे अपने शरीर से ढक लिया, लेकिन हमलावर लगातार लात-घूंसों और हाथों से पिटाई करते रहे। पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने बताया कि वह पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, तो हमलावर और उग्र हो गए तथा जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि हमलावरों में से एक व्यक्ति ने बाइक से नुकीली लोहे की रॉड निकालकर सिर पर वार करने का प्रयास किया, लेकिन ढलान के कारण वह फिसल गया और वार जमीन पर लग गया। इसके बाद किसी ठोस वस्तु से सिर पर प्रहार किया गया, जिससे अजय राजभर गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। पीड़ित के शोर मचाने पर गली निवासी अश्वनी यादव मौके पर पहुंचे। उन्हें आता देख हमलावर गाली-गलौज करते हुए और धमकी देते हुए बाइक से दादर पुल की ओर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। पीड़ित का कहना है कि घटना के चार दिन बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि जब पुलिस विभाग में कार्यरत कर्मचारी को ही न्याय मिलने में देरी हो रही है, तो आम लोगों को न्याय मिलना कितना कठिन होगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
― Advertisement ―
‘गड्ढा मुक्त’ सड़क की पोल खुली, पानी भरे गड्ढे में पलटा ई-रिक्शा
आधा दर्जन सवारियां बाल-बाल बचीं, लोगों में नाराजगीजौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर गड्ढों और जलभराव के कारण रविवार को एक बड़ा...


