Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

फर्जी हाजिरी का विरोध करने पर रोजगार सेवक को दी गई धमकी

सैकड़ों ने कोतवाली का किया घेरावजौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के रामनगर विकास खंड अंतर्गत बुजुर्गा ग्रामसभा में मनरेगा कार्य को लेकर विवाद गहरा गया...
Homeअपना जौनपुरफर्जी हाजिरी का विरोध करने पर रोजगार सेवक को दी गई धमकी

फर्जी हाजिरी का विरोध करने पर रोजगार सेवक को दी गई धमकी

सैकड़ों ने कोतवाली का किया घेराव

जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के रामनगर विकास खंड अंतर्गत बुजुर्गा ग्रामसभा में मनरेगा कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम रोजगार सेवक दलसिंगार यादव ने आरोप लगाया कि ग्रामसभा में प्रस्तावित तालाब खुदाई कार्य के लिए पिछले कुछ दिनों से फर्जी श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज कराने का दबाव बनाया जा रहा था। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे उन्हें फोन कर फर्जी हाजिरी लगाने के लिए कहा गया। जब उन्होंने बिना श्रमिक की मौके पर मौजूदगी और फोटो सत्यापन के हाजिरी दर्ज करने से इनकार कर दिया तो प्रधान प्रतिनिधि शमीम खान ने कथित रूप से फोन पर गाली-गलौज करते हुए जानमाल की धमकी दी। रोजगार सेवक का कहना है कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि मनरेगा कार्यों में बिना मौके पर उपस्थित श्रमिक का फोटो अपलोड किए हाजिरी दर्ज नहीं की जाएगी और गलत भुगतान पर सख्त रोक है। घटना से आक्रोशित रोजगार सेवक ने अपने संगठन को सूचना दी, जिसके बाद रामनगर ब्लॉक के सैकड़ों रोजगार सेवक एकजुट होकर रविवार को मड़ियाहूं कोतवाली पहुंच गए। वहां उन्होंने प्रार्थना पत्र सौंपते हुए प्रधान प्रतिनिधि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अभय सिंह, संतोष दुबे, सर्वेश यादव, धर्मेंद्र भारती, अरुण कन्नौजिया, सूरज यादव, दलसिंगार यादव, अजय सिंह, गोलू शर्मा सहित बड़ी संख्या में रोजगार सेवक मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कोतवाली गेट पर हाथ उठाकर चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। ग्रामसभा बुजुर्गा में प्रधान रिंकी देवी बताई जा रही हैं, जबकि उनके प्रतिनिधि के रूप में शमीम खान का नाम सामने आया है। इस संबंध में मड़ियाहूं कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर इरफान अली ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Share Now...