- बैलेंस देख पैरों तले धरती खिसकी, बैंक कर्मियों ने पिलाया आश्वासन की घुट्टी
जौनपुर धारा, खेतासराय। अपनी गाढ़ी कमाई को बैंक में रखकर सुरक्षित समझने वालों के लिए शुक्रवार को बुरी खबर मिली। उनके खाते से लाखों रुपए पल भर में छू मंतर हो गये तो वहीं बैंक में अफरा तफरी का माहौल दिन भर बना रहा। ऐसे में कई जिलों की टीम मामले की जांच पड़ताल करती नजर आई तो ग्राहकों को आश्वासन की घुट्टी पिलाई जा रही थी।
दरअसल नगर के पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में एक करोड़ साठ लाख के घोटाले की छपी खबर पढ़कर यहां खाताधारकों में खलबली मच गई जिसके चलते बैंक में बैलेंस चेक कराने वाले खाता धारकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं मथुरा व जोनल टीम भी आवश्यक जानकारी के बाद जांच पड़ताल में जुटी थी ऐसे में बैंक प्रबंधन भी हांफता नजर आया। बैलेंस चेक कराने के बाद कई खाताधारकों के खाते से रुपए गायब थे जिन्हें आश्वासन की घुट्टी पिलाई गई और मीडिया से दूर रहने को बोला गया। उक्त बैंक के लुटे हुए ग्राहकों में रंजीत यादव निवासी खेतासराय का एक लाख बीस हजार, बासमती देवी सोंधी पचपन हजार, आशीष बिंद, मुन्नू निवासी खेतासराय अस्सी हजार व तीन लाख साठ हजार जिसमें दो फिक्स व एक साठ अकाउंट से गायब है तो दिलीप निवासी महरौड़ा का चार लाख तीस हजार खाते से गायब है। खास बात यह है की यह सभी किसान या छोटी दुकान के संचालक हैं जिनका कहना है की अब बैंक में भी पैसा सुरक्षित नहीं है हम लोगों को प्राय: दौड़ाया जाता था कभी प्रिंटर खराब बता कर तो कभी अन्य कारणों से लेकिन स्पष्ट जानकारी खाते की नहीं दी जाती थी। यदि सही जांच होगी तो इसमें कैशियर ही नहीं और दो लोग नपेंगे। फिलहाल इस बाबत प्रबंधक मनीष जायसवाल व आई हुई जांच टीम मीडिया से कुछ भी बोलने से परहेज किया कहा ऊपर के लोग इस संबंध में बताएंगे।



