- केराकत में आपराधिक घटनाएं बढ़ने से नागरिकों में बढ़ी चिंता
- पिछले सप्ताह एक युवक की गला रेत कर हुई थी हत्या
जौनपुर धारा, केराकत। कोतवाली थाना क्षेत्र के भैरोभानपुर गांव में बीती रात चोरी हो गई। चोर दो घरों से 20 हजार रूपए नकद सहित लगभग पांच लाख रुपए के जेवर चुरा ले गए। कोतवाली थाना की पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार चोर सबसे पहले पुलिस विभाग में दीवान राजकुमार गिरी के बंद पड़े मकान में घुसे। घर के पीछे की दीवार के सहारे चोर छत पर पहुंचे और छत पर लगी जाली तोड़कर आंगन में उतर गए जहां से बड़े इत्मीनान से सामान समेटा और फिर उसी छत से बगल में स्थित रामसागर गिरी के छत पर पहुंच गए। रामसागर ने बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ घर के बरामदे जबकि उनकी बहू और बेटा घर में सोए थे। चोर सीढ़ी से उतर कर बेटे बहू के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। उसके बाद अन्य कमरों को खंगालकर 2 लाख रुपए मूल्य के सोने चांदी के जेवर और करीब 20 हजार रुपए नकद उठा ले गए। दूसरी ओर राजकुमार गिरी को चोरी की घटना का पता चला तो वे घर के लिए चल पड़े हैं। उन्होंने बताया कि उनके घर से कितने रुपए मूल्य का सामान चोरी गया है यह जांच करने के बाद ही पता चलेगा। चोरी की सूचना पर कोतवाली पुलिस गांव में पहुंची और जांच पड़ताल की। चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम भी बुलाया। टीम में शामिल कुत्ता घटना स्थल से करीब दो सौ मीटर दूर रेलवे क्रासिंग तक जाकर रुक गया। उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह में आपराधिक घटनाओं में तेजी आई है जिससे नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। पिछले सप्ताह इसी थाना क्षेत्र के खेपतपुर गांव में एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। घटना की चर्चा अभी थमी भी नहीं कि बीती रात दो घरों में चोरी हो गई। एक बाद एक हो रही घटनाओं ने कोतवाली पुलिस की चिंता बढ़ा दी है।



