- एक कार, 29 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद
जौनपुर धारा, बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के मछली गांव स्थित खड़ंजा मोड़ के पास से पुलिस ने एक कार सवार दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 29 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद करते हुए चालान न्यायालय भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में मंगलवार की अलसुबह करीब साढ़े 4 बजे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार पाण्डेय तथा घनश्यामपुर पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के मछली गांव खड़ंजा मोड़ से एक महिन्द्रा एक्सयूवी 300 कार सवार दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 29 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद किया। गिरफ्तार तस्करों में एक ने अपना नाम पवन कुमार सरोज पुत्र जियालाल सरोज निवासी कमालपुर थाना मुंगराबादशाहपुर और दिलीप मिश्रा पुत्र रामजश मिश्रा निवासी सोहांशा थाना मुंगराबादशाहपुर बताया। पुलिस उक्त दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर चालान न्यायालय भेज दिया है।



