- 5 फरवरी तक मांगें पूरी न होने पर सड़कों पर होगा प्रदर्शन
जौनपुर धारा, जौनपुर। राष्ट्रीय लोक दल ने जिलाध्यक्ष धनीराम यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित 3 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा है। इस दौरान जिला अध्यक्ष श्री यादव ने बताया कि वर्तमान सत्र में 3 महीने गन्ना मिलों को चलते हो गया है किन्तु आज तक गन्ने के लाभकारी मूल्य की घोषणा नहीं हुयी। किसान एकलौता ऐसा उत्पादक है जिसको अपने उत्पाद का मूल्य तय करने का भी अधिकार नहीं है। अपने खून पसीने से सींची हुयी फसल को मील मालिकों को देता जाता है लेकिन उसको यही नहीं पता होता है कि उसकी फसल का कितना पैसा मिलेगा। राष्ट्रीय लोकदल द्वारा एक माह से किसान संदेश अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत पूरे प्रदेश से 2 लाख से अधिक किसानों ने किसान संदेश अभियान के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गन्ना मूल्य की घोषणा कराये जाने की मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं की गयी है जिससे गन्ना किसानों में भारी निराशा और असंतोष व्याप्त है। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने मांग किया कि सत्र 2022-23 का गन्ने का लाभकारी मूल्य की घोषणा की जाय। आवारा पशुओं से किसानों की फसल बचाने हेतु उचित समाधान किया जाय। बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान कराया जाये। आगामी 5 फरवरी तक किसानों की समस्याओं का समाधान न किया गया तो कार्यकर्ता व पदाधिकारी 7 फरवरी को उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विशाल धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेंदारी सरकार की होगी। ज्ञापन देने वालों में अशोक कुमार यादव, अशोक शास्त्री, विनोद कुमार यादव, शैलेंद्र बेनबंसी, राम आसरे विश्वकर्मा प्रांतीय नेता, रिजवी मोहम्मद असलम सहित सैकड़ों की तादाद में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



