जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के राम जानकी बौलिया मंदिर स्थित पोखरे पर मंगलवार तड़के छठ पूजा के दौरान हादसा हो गया। अर्घ्य देने पहुँची हजारों की भीड़ में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर परिसर में बने टीनशेड में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। तड़के करीब चार बजे अचानक हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए श्रद्धालु टीनशेड के नीचे शरण लेने लगे, तभी करंट फैल गया और लोग चीखते-चिल्लाते बाहर की ओर भागने लगे। इस हादसे में राज मोदनवाल (18) पुत्र अशोक कुमार निवासी पक्का पोखरा तथा सुरेंद्र विश्वकर्मा (38) पुत्र श्रीराम निवासी डफरटोला गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद पुलिस व स्वास्थ्यकर्मियों ने दोनों को तुरंत स्थानीय पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया, जहाँ हालत नाज़ुक देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को नियंत्रित किया और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
गोमती नदी में डूबने से युवक की मौत, मचा कोहराम
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मियांपुर गांव निवासी सचिन निषाद पुत्र राजमणि की गोमती नदी में डूबने से मौत हो गई। आस्था और श्रद्धा के बीच छठ महापर्व के मौके पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मियापुर घाट पर छठ पूजा के दौरान सचिन निषाद एक अन्य साथी के साथ नदी में स्नान करने और तैरने के लिए उतरे कि दोनों कुछ दूर तक तैरते गए, तभी सचिन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसका साथी किसी तरह तैरकर किनारे आ गया, लेकिन सचिन की जान नहीं बच पाई। छठ घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जब युवक को डूबते देखा तो घबराहट और अफरा-तफरी मच गई। तुरंत इसकी सूचना लाइन बाजार थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छठ पूजा के दौरान युवक की नदी में डूबने से मौत
केराकत। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सरौनी पूरब पट्टी गांव में मंगलवार की सुबह तैरने के दौरान एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने गोताखोरों की मदद से दो घंटे बाद युवक को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उन्हें सौंप दिया। पुलिस के अनुसार सरौनी गांव के टड़िया घाट पर छठ पूजा मनाया जा रहा थां जिसमें गांव निवासी 20वर्षीय अरविन्द यादव उर्फ गोलू पुत्र रामदुलार यादव भी पूजा देखने के लिए गया था। कुछ देर बाद वह नदी में तैरने के लिए उतरा। वह नदी का चक्कर लगाकर वापस आ गया और पुन: दूसरा चक्कर लगाने के लिये गया और वापस लौटते समय उसकी सांस फूलने लगी और नदी में डूब गया। उसको डूबते देख लोगों में खलबली मच गयी और उसे बचाने के लिए आवाज़ लगाने लगे लेकिन वह डूब गया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे ढूंढने के लिये का$फी प्रयास किया लेकिन वह नहीं मिला। सूचना मिलने पर एसडीएम शैलेन्द्र कुमार, सीओ अजीत कुमार रजक, प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंच गये। गोताखोरों को सूचित किया गया जिसकी मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाल कर उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पंहुचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छठ महापर्व सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न
जौनपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ का सफल एवं सकुशल आयोजन उदयाचल भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र के नेतृत्व में समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों, मीडिया बंधुओ तथा श्रद्धालुजनों के सहयोग से यह लोक आस्था का पर्व शांतिपूर्ण एवं श्रद्धाभाव से सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक डॉ.कौस्तुभ ने पर्व के दौरान निरंतर भ्रमणशील रहकर तथा नौका से भी विभिन्न घाटों एवं आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं अनुशासन सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिलाधिकारी ने कहा कि लोक आस्था एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा यह पर्व जिले की सामूहिक एकजुटता एवं अनुशासन का प्रतीक है। यह महापर्व न केवल आध्यात्मिक उन्नयन का माध्यम है, अपितु राष्ट्रीय एकता, प्राचीन भारतीय विरासत और प्रकृति से संवाद का भी प्रतीक है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया कि घाटों पर पूजन के पश्चात जो भी पूजन सामग्री अवशेष है।
चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचे लोग
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बंधवा जमालापुर मार्ग स्थित गहलाई गांव के पास सोमवार की रात बरात से लौट रही एसयूवी कार में अचानक आग लग गई। जिससे कार धू-धू कर पूरी तरह से जल गई। सूचना पर पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची थी। हालांकि कार में सवार सभी पांच लोग सुरक्षित बच गए। सभी लोग कार से धुआं उठता देख बाहर निकल गए। मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के किशुनपुर गांव निवासी कार चालक उपेंद्र सरोज कार से चोरारी गांव के पांच लोगों को लेकर मीरगंज थाना क्षेत्र के भिदुना गांव एक कार्यक्रम में गया था। रात करीब दस बजे वहां से वापस आते समय जैसे ही कार बरसठी थाना के गहलाई गांव पहुंची कार में आगे इंजन की तरफ अचानक धुंआ उठने लगा। ऐसे में कार चालक ने गाड़ी रोककर देखा तो इंजन से आग की लपटें उठ रही थीं। सभी लोगों को जैसे ही बाहर निकाला गया, कार तेज लपटों के साथ जलने लगी और कुछ ही समय मे पूरी तरह से जल कर राख हो गई। हादसे के समय कार में दो महिलाओं समेत पांच लोग सवार थे जो सभी सुरक्षित है। सूचना मिलते ही मौके पर प्रभारी निरीक्षक देवानंद भी पहुंच गए। उधर, फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह से जल चुकी थी। पुलिस ने सड़क से गाड़ी को किनारे कराया। इस दौरान दोनों तरफ आवागमन बाधित रहा।
दुकानदार को चाकू दिखाकर धमकाया,मुकदमा दर्ज
जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के हौज टोलप्लाजा के पास रविवार की देर रात को फास्टटैग के बारे में पुछताछ करते समय मनबढ़ दुकानदार की मोबाइल लेकर जाने लगे। जब दुकानदार ने विरोध किया तो मनबढ़ युवकों ने चाकू दिखाकर दुकानदर को जान से मारने की धमकी देते हुए मोबाइल लेकर चले गए।
हौज गांव निवासी दीपक राय टोलप्लाजा के पास दुकान है। वह दुकान में ही फास्टटैग बनाने व रिचार्ज करने का काम करता है। उसने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि रविवार की देर रात्रि उसके दुकान पर तीन युवक आये और फास्टटैग के बारे में जानकारी लेने लगे। इतने में एक ने उसकी मोबाईल देखते हुए उसके काउन्टर से उठा लिया उसके बाद तीनो वहां से जाने लगे। दीपक ने जब अपनी मोबाईल मांगा तब उन लोगों ने उसे चाकू दिखाते हुए डराया। उसके बाद धमकी देते हुए कहा कि यदि पुलिस को सूचना दिये तो ठीक नही होगा। दीपक राय द्वारा तहरीर दिये जाने पर पुलिस अनिकेत दूबे निवासी महिमापुर, अभिषेक यादव व अनुराग यादव निवासी कोतवालपुर थाना जलालपुर के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
रोडवेज के धक्के से घायल की उपचार के दौरान मौत
जौनपुर। लाईनबाजार क्षेत्र के चांदपुर कोल्ड स्टोर के पास गुरुवार की रात को रोडवेज बस के धक्के से घायल ऑटो चालक की वाराणसी ट्रामा सेन्टर में उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गयी।
मड़ियाहूं के नरायनपुर गांव निवासी शिवशंकर यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गुरुवार की रात उसका भाई रविशंकर यादव अपना आटो रिक्सा लेकर जौनपुर से अपने घर मड़ियाहूं आ रहा था। रास्ते में चांदपुर कोल्डस्टोर के पास रिक्शा खड़ा करके रोड के किनारे लघुशंका करने लगा। उसी समय अंबेडकर नगर डिपो की रोडवेज बस ने उसके भाई रविशंकर को धक्का मार दिया। जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। पुलिस की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसपी के आदेश पर तीन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के रायपुर गांव की महिला को उसके ससुराली जनों ने दहेज के लिये मारपीट कर उसके मायके के पास छोड़ दिया पीड़िता के तहरीर पर तीन लोगो के विरूद्ध मारपीट और दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया है। रायपुर गांव निवासी मनोज शर्मा ने आरोप लगाया है कि वे अपनी पुत्री शिंवांगी शर्मा का विवाह 26 अप्रैल 2024 को आजमगढ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के बीकापुर गांव निवासी महेश शर्मा के साथ किये थे। शादी के बाद से उसके ससुरालीजन दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर मारपीट रहे थे। बार-बार दहेज में दस लाख रूपये और एक क्रेटा कार की मांग करते रहे। विवाह के पश्चात मायके आने पर ससुराली जन उसकी विदाई नही कराई। करीब साल भर तक शिवांगी अपने मायके में ही रही। बाद में सुलह समझौते के बाद किसी तरह से उपके पति महेन्द्र शर्मा विदाई कराकर उसे लिवा गया। 23सितम्बर की रात दहेज को लेकर एक बार फिर उसके ससुरालीजन उसे मारने पीटने लगे, और उसके सारे गहने भी छीन लिये। उसे एक चारपहिया वाहन से लाकर मायके के नजदीक चकरोड पर लाकर छोड़ दिया। किसी तरह से वह अपने मायके पहुंची, और अपना इलाज कराया। पीड़िता ने इस सम्बन्ध में एसपी डा.कौस्तुभ से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनायी। पुलिस ने एसपी के आदेश पर पुलिस ने विवाहिता के पति महेश शर्मा, सास उर्मिला व शादी कराने वाले अगुआ भगवती के विरूद्ध दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा में केस दर्ज किया गया है।



