जौनपुर। शहर कोतवाली थाना अंतर्गत बलुआघाट निवासी संतोष कुमार पुत्र स्व.लौटू राम को बच्चियों के साथ छेड़छाड़ का विरोध करना भारी पड़ गया। जिस कारण बेखौफ दबंगों ने पिता के साथ-साथ दो बेटियों को भी जमकर लात मुक्के से पिटाई कर दिया।
सूत्रों के अनुसार 14 नवम्बर 2025 को पत्रकार संतोष कुमार रात 8:30 बजे अपने घर जा रहे थे, तभी समीप की दुकान पर सामग्री लेने पहुंची उनकी दोनों बेटियों के साथ दबंगों ने फब्तियां कसना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे पिता संतोष कुमार ने जैसे ही दबंगों का विरोध किया तो एकजुट होकर वह सब पिता और दोनों पुत्रियों की जमकर लात घुसे से पिटाई और छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। शोरगुल और चीख पुकार सुनकर भीड़ जुटता देख सभी भाग निकले। पीड़ित पिता संतोष कुमार लिखित तहरी लेकर शहर कोतवाली थाना पहुंचे जहां से उन्हें सिपाह चौकी पर भेज दिया गया। तत्पश्चात पीड़ित पक्षकार की लिखित तहरीर और न्याय की गुहार के बावजूद भी उसका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। वहीं दूसरे दिन अचानक तबियत बिगड़ने पर संतोष कुमार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज़ चल रहा है। खबर लिखे जाने तक कोतवाली पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया है। जिस कारण बेखौफ दबंगों के आतंक से भयभीत पीड़ित परिवार बेबसी और लाचारी में भयभीत होकर जिंदगी जी रहा है।
बैनामे की जमीन देखने गए युवक की पिटाई, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जौनपुर। नगर पंचायत कजगांव बाजार में बैनामे की जमीन देखने गए एक युवक को स्थानीय लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कस्बा निवासी मिथिलेश सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार की सुबह वह अपनी दुकान पर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने हाल ही में रजिस्ट्री कराई गई। अपनी जमीन को देखने का निर्णय लिया और वहां पहुंच गए। आरोप है कि जैसे ही मिथिलेश जमीन पर पहुंचे, कजगांव निवासी खुशवंद मौर्य और उनके परिवार की महिलाएं वहां आ गई और गाली-गलौज करने लगीं। विरोध करने पर सभी ने मिलकर मिथिलेश को लात-घूंसों से मारपीट कर घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने खुशवंद मौर्य, माला देवी, खुशी और रंजना के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जयदीप को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी की हत्या मामले में फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के बराई कला गांव में शनिवार की देर रात सोते समय पत्नी 32वर्षीय सोनी देवी की गला दबाकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार देर शाम को ही पति अमरजीत गौतम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना के अगले दिन रविवार को पुलिस ने जांच और तेज कर दी। सुबह फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम करीब एक घंटे तक कमरे में बिखरे सामान, बिस्तर, दरवाजे व दीवारों पर मौजूद निशानों का परीक्षण करती रही। संभावित संघर्ष के संकेत, उंगलियों के निशान, खून के चिह्न सहित कई नमूनों को सील कर प्रयोगशाला भेजा गया।
थानाध्यक्ष नेवढ़िया राजाराम द्विवेदी पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और उन्होंने मृतका सोनी देवी के परिजनों, पड़ोसियों और उन ग्रामीणों से पूछताछ की जिन्होंने बताया कि शनिवार रात पति-पत्नी के बीच नोकझोंक हुई थी। मृतका की दोनों बच्चों के बयान भी लिया गया। थानाध्यक्ष नेवढ़िया राजाराम द्विवेदी ने बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। हर पहलू पर गंभीरता से जांच जारी है, उन्होंने ने बताया कि आरोपी को शनिवार देर शाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और कानूनी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
भगाई गई किशोरी बरामद, अपहरण व दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से करीब एक पखवारे पूर्व घर से गायब किशोरी को बरामद कर अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी को रविवार को धर दबोचा। आवश्यक लिखापढ़ी कर चालान कर दिया।
काफी खोजबीन के बाद पता न चलने पर किशोरी के स्वजन ने तहरीर देकर गांव के ही रोहित गौतम पर बहला-फुसलाकर कहीं भगा ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश में जुट गई। मुखबिर से मिले सुराग पर पुलिस ने शुक्रवार को क्षेत्र से ही किशोरी को बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरी ने बताया रोहित गौतम उसे भगाकर ले जाने और दुष्कर्म करने की बात कही। महिला आरक्षी की निगरानी में जिला महिला चिकित्सालय भेजकर किशोरी का मेडिकल मुआयना कराया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस पहले से ही दर्ज मुकदमे में दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाकर किशोरी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर बयान दर्ज कराने के बाद आरोपी की खोज में सरगर्मी से जुट गई। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार व उनके हमराहियों ने रविवार को धनुहां तिराहा पर चेकिंग के दौरान वांछित आरोपी रोहित गौतम को पकड़ लिया। न्यायालय ने आरोपित को जेल भेज दिया।


