- डीएम ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
जौनपुर। डॉ.दिनेश चन्द्र ने 18मार्च को आयोजित बैठक में किसानों के हित में संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा की और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम से जुड़ा किसान संगठन एसकेपीसीएल भी शामिल हुआ। इस दौरान संगठन की अध्यक्ष गीता देवी ने बताया कि यह संस्था पिछले 15 वर्षों से क्षेत्र में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और मार्गदर्शन देने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संगठन को कार्य के दौरान कई चुनौतियों और कानूनी जटिलताओं का सामना करना पड़ता है, इसके बावजूद संस्था ऋण लेकर भी किसानों की मदद करती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और प्रशासन का संगठन को निरंतर सहयोग मिलता रहा है। अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि संगठन ने क्षेत्र में डेयरी विकास को बढ़ावा देने के लिए अमूल सहकारी और एनडीडीबी प्रबंधित डेयरियों को स्थापित कराने में सहयोग किया है। साथ ही आयुर्वेदिक हर्बल खेती और स्कूल हर्बल गार्डन जैसे नवाचारों को बढ़ावा देने में भी संगठन सक्रिय भूमिका निभा रहा है। बैठक में जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र ने संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र एवं इच्छुक किसानों तक पहुंचाया जाए तथा डेयरी विकास गतिविधियों को और व्यापक बनाया जाए। कार्यक्रम के अंत में प्रबंध निदेशक डॉ. राजा रत्नम ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि इस परियोजना का विस्तार अन्य राज्यों में भी किया जा रहा है, ताकि संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप किसानों को व्यवस्थित रूप से लाभ मिल सके।


