- मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दी अहम जानकारी
जौनपुर धारा, जौनपुर। विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर 04 सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा 07 जून को अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर खाद्य कारोबारकर्ताओं, आम जनमानस को स्वस्थ एवं सुरक्षित आहार के उपयोग एवं महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय द्वारा बताया गया कि स्वस्थ जीवन के लिये स्वस्थ एवं सुरक्षित आहार के उपयोग एवं महत्व को दृष्टिगत रखते हुए 20 दिसम्बर 2018 को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा प्रत्येक वर्ष 07 जून को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के रूप में मनाये जाने का निर्णय लिया गया। जिसके क्रम में पूरे विश्व में 07 जून 2019 को प्रथम विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस का आयोजन किया गया था। इसी क्रम में 07 जून 2023 को पाचवां अन्तर्राष्ट्रीय विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस का आयोजन किया गया है। जिसका थीम फूड स्टैंडर्ड सेव लाइव्स है। लगभग 200 बीमारियां असुरक्षित खाद्य पदार्थों के सेवन से होती है और पूरे विश्व में लगभग सोलह लाख व्यक्ति प्रतिदिन असुरक्षित, दूषित खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बीमार होते हैं और 05 वर्ष से कम उम्र के लगभग 340 बच्चों की प्रतिदिन मृत्यु हो जाती है। उपरोक्त खाद्य जनित बीमारियों से होने वाली जनहानि के दृष्टिगत आम जनमानस एवं खाद्य कारोबारकर्ताओं से अपील की जाती है कि अपने आहार में शुद्ध, स्वस्थ, सुरक्षित एवं पोषक युक्त खाद्य पदार्थों को सम्मिलित करें। खुले में बिक रही खाद्य सामग्री का क्रय, विक्रय एवं सेवन न करें जिससे कि आप स्वस्थ एवं सुरक्षित रहे।



