उत्तर प्रदेश से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां परिजन और पुलिस महकमा एक दूल्हे को तलाश रहा है. वह धूमधाम से शादी करने के एक दिन बाद अचानक गायब हो गया. हैरानी की बात है कि वह मोबाइल और पर्स भी घर पर ही छोड़कर गया है. ऐसे में उसके अचानक लापता होने पर रहस्य गहरा गया है.
मामला राज्य के हरदोई जिले का है. यहां अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि सांडा थाना क्षेत्र में एक युवक के शादी के एक दिन बाद लापता होने का मामला सामने आया है. उसके छोटे भाई की शिकायत पर तफ्तीश की जा रही है. दुर्गेश सिंह ने बताया कि शिकायकर्ता ने कहा कि 18 फरवरी को उसके भाई की शादी हुई थी. अगले दिन घर पर दुल्हन का परंपरागत रीति-रिवाज के तहत स्वागत किया गया. सारी रस्में में दूल्हा भी खुशी-खुशी शरीक हुई थी. फिर अगले दिन सुबह अचानक वह घर से लापता हो गया.
मोबाइल फोन और पर्स की वजह से गहराया रहस्य..!
दूल्हे के गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश में हर जगह खाक छानी. सभी रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन किसी के पास उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. हालांकि, रजामंदी से शादी करने के बाद युवक के इस तरह लापता होने की वजह से हर कोई हैरान है. वह अपने साथ पर्स या मोबाइल फोन भी लेकर नहीं गया है. इस वजह से उससे संपर्क का कोई साधन नहीं है.
दुल्हन का हाल बेहाल
मायके छोड़कर ससुराल की दहलीज में कदम रखने के एक दिन बाद ही दुल्हन के सारे सपने बिखर गए है. जिसके साथ सात जन्मों का रिश्ता निभाने का वादा कर गृह प्रवेश किया था. वह ही उसे यूं छोड़कर चला जाएगा. अब वह परिजनों और पुलिस से अपने पति को ढूंढकर लाने की गुहार लगा रही है.
पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि पुलिस की एक दल गायब हुए दूल्हे को ढूंढने के लिए हर संभावित ठिकाने पर तफ्तीश कर रही है. इसके अलावा परिजनों के बयान के आधार पर भी यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसके पीछे किसी की कोई साजिश तो नहीं है. जांच अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे ढूंढ निकाला जाएगा.



