जौनपुर धारा, खुटहन। आदिनाथपुर गांव में पट्टीदार से बीस वर्षों पूर्व हुए समझौते के तहत बंटवारा की गई आबादी की भूमि पर एक पक्ष ने अवैध रूप से जबरन कब्जा जमा लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने उसे शनिवार को समाधान दिवस पर आने को कहा है।
गांव निवासी निरमोही यादव और उनके पट्टीदारों के बीच वर्ष 2003 में ग्रामीणों के द्वारा पंचायत कर आपसी सहमति से भूमि, मकान व अन्य चल अचल संपत्तियो का बंटवारा किया गया था। पंचों का निर्णय बकायदा सुलहनामा बनाकर लिख दिया गया था। पीड़ित निरमोही का आरोप है कि समझौता के बीस वर्ष बीत जाने के बाद हाल ही में पट्टीदारों के द्वारा उसके हिस्से में मिली भूमि पर छप्पर व अन्य सामान रख जबरन उसके आबादी की भूमि पर अवैध कब्जा जमा लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर राजेश यादव ने बताया कि गांव में शांति ब्यवस्था कायम है। भूमि विवाद के निस्तारण के लिए दोनों पक्षों को शनिवार को समाधान दिवस पर बुलाया गया है।
सड़क दुघर्टना में दो घायल

जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत अलग-अलग स्थानों पर सड़क दुघर्टना में महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 28 वर्षीय अनुपमा पत्नी सुनील कुमार बाइक से रिश्तेदारी जा रहे थे कि लोनिया पट्टी गांव के समीप बाइक में साड़ी फंसने से बाइक से अनियंत्रित होकर गिर गई जिससे गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं छताई कला गांव निवासी 32 वर्षीय सर्वेश सिंह पुत्र राम गोपाल सिंह घर के समीप बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।



