सराफा व्यवसायी से डकैती का 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
मऊ। एसटीएफ वाराणसी इकाई ने सराफा व्यवसायी से डकैती के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित चिड़ियाघर के पास से पकड़ा गया।
लखनऊ में घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम सिंह निवासी अन्नूपार, थाना मोहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊ के रूप में हुई है। वह कोपागंज क्षेत्र में सराफा व्यवसायी से हुई डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।
डिप्टी एसपी शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ वाराणसी इकाई लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शुभम सिंह लखनऊ में मौजूद है।
सूचना के आधार पर निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने हजरतगंज क्षेत्र में घेराबंदी कर चिड़ियाघर के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
असलहे के बल पर लूटे थे आभूषण
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13 जनवरी 2026 को उसने अपने साथी विशाल के कहने पर वारदात को अंजाम दिया था। घोसी थाना क्षेत्र के पिंडवल मोड़ के पास उन्होंने एक सराफा व्यवसायी को असलहे के बल पर आतंकित कर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे।
कई आरोपी थे शामिल
इस वारदात में बिलरियागंज निवासी मोनू यादव, मोहम्मदाबाद निवासी विशाल, शिवम सोनकर और राहुल यादव समेत अन्य युवक भी शामिल थे। आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद लूटे गए आभूषणों को मोनू यादव ने बेच दिया और उससे प्राप्त रकम को आपस में बांट लिया गया।
लखनऊ में छिपकर रह रहा था आरोपी
घटना के बाद शुभम सिंह मऊ से भागकर लखनऊ में छिपकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ मऊ जिले में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
फिलहाल एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



