- रेवचंदपुर पदमपुर गांव, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र का मामला
जौनपुर धारा, जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के रेवचंदपुर पदमपुर गांव में गुरूवार को भोर में करीब तीन बजे शॉर्ट सर्किट के कारण पशुशाला में आग लगने से दो मवेशियों की झुलसकर मौत हो गई। घटना के समय पशुशाला से काला धुआं और दुर्गंध उठने लगी, जिससे परिवार के लोग जाग गए। गांव निवासी लल्लन प्रसाद मौर्य पुत्र स्व.पन्नालाल मौर्य, रोजाना की तरह बुधवार रात अपने मवेशियों को चारा खिलाने के बाद पशुशाला में बंद कर सोने चले गए। सुबह करीब तीन बजे पशुशाला से धुआं और दुर्गंध महसूस होने पर उन्होंने तुरंत दरवाजा खोला, लेकिन तब तक आग के कारण दो मवेशी बुरी तरह झुलस चुके थे। परिवार ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही मवेशियों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान पति सुदर्शन मौर्य मौके पर पहुंचे और पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचित किया।हालांकि, अधिकारी के पहुंचने से पहले ही दोनों मवेशियों की मौत हो चुकी। इस दुखद घटना से परिवार गहरे सदमे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है।



