जौनपुर के मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक किशोरी अपने प्रेमी को बुलाने की मांग को लेकर वीआई मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब एक घंटे से अधिक समय की मशक्कत के बाद पुलिस और परिजनों ने उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया।
बेनीपुर गांव में हुई घटना
जानकारी के अनुसार यह घटना मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के बेनीपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि किशोरी मढ़ी गांव निवासी आकाश तिवारी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी।
पुलिस ने आकाश तिवारी को 6 अप्रैल को पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। प्रेमी के जेल जाने की जानकारी मिलने के बाद किशोरी नाराज होकर यह कदम उठा बैठी।
करीब एक घंटे तक चला टावर ड्रामा
घटना की सूचना मिलते ही 112 पीआरबी पुलिस और नेवढ़िया थाना प्रभारी निरीक्षक राजाराम द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
किशोरी सुबह करीब 10:30 बजे टावर पर चढ़ गई थी। पुलिस, परिजन और ग्रामीण लगातार उसे समझाने की कोशिश करते रहे। करीब 12:20 बजे उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
परिजनों और पुलिस के समझाने पर उतरी नीचे
किशोरी की मां, बड़ी बहन और गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। सभी उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे।
आखिरकार पुलिस और परिजनों ने उसे प्रेमी से मिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतर आई।
घटना के दौरान लगी रही लोगों की भीड़
किशोरी के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। करीब एक घंटे तक पूरे क्षेत्र में हलचल बनी रही। नीचे उतरने के बाद पुलिस किशोरी को अपने साथ थाने ले गई और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी।



