जमीनी विवाद में 60वर्षीय वृद्ध को पीटा, मुकदमा दर्ज
जौनपुर धारा, थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी चौकी अंतर्गत बेहड़ा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दबंगों ने एक 60वर्षीय वृद्ध की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सुधाकर मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोसी ओमकार मिश्रा, डब्बू मिश्रा और डिंपल मिश्रा उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। केराकत कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खेत की बाड़ में लगा बांस उखाड़ने को लेकर हुई मारपीट में पांच घायल
जौनपुर धारा, खुटहन। कोकना गांव में फसलों की सुरक्षा को लेकर लगाए गए झटका मशीन की बल्ली उखाड़े जाने के मामले में दो पक्षों के बीच हुई। मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने दो महिलाओं सहित आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव निवासी समावती देवी का आरोप है कि उनके घर के बगल धर्मेंद्र उपाध्याय की चक है। जिसे नंगे तार से घेर झटका मशीन लगाए हुए है। मेड़ पर लगे बांस के तीन पायों को किसी ने उखाड़ दिया। जिसको लेकर धर्मेन्द्र उपाध्याय, विवेक उपाध्याय, सुभाष और मोतीचंद उपाध्याय उसके घर पहुंच अपशब्द बोलने लगे। आरोप है कि मना करने पर मारपीट करने लगे। जिसमें वह और उसकी देवरानी तथा देवर को चोटें आईं। वहीं दूसरे पक्ष के धर्मेंद्र उपाध्याय का आरोप था कि बांस के पायों के उखाड़े जाने की सूचना पर वे पूछताछ को गये थे। तभी समावती, उनके पति गुलाबचंद, सुमन और प्रेमचंद गुप्ता हम लोगों को निशाना बना कर ईंट पत्थर फेंकने लगे। जिसमें हम और छोटा भाई विवेक को चोटें आईं। पुलिस ने दोनों तरफ से लगाए गए आरोप के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।